लंबे समय बाद एक मंच पर साथ दिखे कठेरिया और बघेल, राजा जनक ने भावुक होकर सीताजी को दी विदाई
- राजा दशरथ, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महामंत्री राजीव अग्रवाल को भी किया गया सम्मानित
आगरा, 14 अक्टूबर। केंद्रीय मंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल और इटावा के सांसद रामशंकर कठेरिया लंबे समय बाद एक साथ किसी मंच पर दिखे। दोनों ने शुक्रवार की रात्रि जनक महल में एक साथ खड़े होकर सिया राम और अन्य स्वरूपों की आरती उतारी। जनकपुरी महोत्सव कमेटी द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया।
जनकपुरी महोत्सव में राम शंकर कठेरिया पहले पहुंच गए थे। कुछ देर बाद प्रो एसपी सिंह बघेल भी पहुंचे। सांसद राम शंकर कठेरिया वीआईपी दीर्घा में पीछे की लाइन बैठे हुए थे। प्रो एसपी सिंह बघेल उसी दीर्घा में सबसे आगे की पंक्ति में बैठे थे, जब एक अधिकारी ने सांसद कठेरिया को आगे बैठने को कहा तो उन्होंने कह दिया कि पीछे से मुझे मंच पर सब दिख रहा है इसलिए बैठा हूं। जब स्वरूपों की आरती हुई तो दोनों सांसदों ने एक साथ आरती उतारी और कमेटी द्वारा स्मृति चिन्ह लेते हुए भी साथ दिखे। राजा जनक पीएल शर्मा ने उन्हें सम्मानित किया। वरिष्ठ महामंत्री अनिल वर्मा और स्वागताध्यक्ष बृजमोहन तापड़िया ने सभी का स्वागत किया।
संजय प्लेस में सजी जनकपुरी में तीसरे दिन कई सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए. नृत्यांगनाओं ने अपनी प्रस्तुति दी। करीब साढ़े आठ बजे श्री रामचंद्र अपने परिवार के साथ पीएल पैलेस होटल से घोड़ों पर सवार होकर बैंड बाजे के साथ जनक महल के लिए निकले। चांदी के रथ में माता जानकी विराजमान थीं। एक रथ पर तुलसी, सालिगराम और एक रथ पर गुरु वशिष्ठ, मुनि विश्वामित्र और मंत्री सुमंत भी विराजमान थे। सभी स्वरूप संजय प्लेस में भ्रमण करते हुए जनक महल पर पहुंचे। रात्रि ग्यारह बजे बाद जनकपुरी से सीता की विदाई हुई। इस दौरान कई लोग और भक्तजन अपने आप को भावुक होने से रोक नहीं पाए। राजा दशरथ छोटेलाल बंसल, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महामंत्री राजीव अग्रवाल की मिलनी के साथ शुरू हुई विदाई की रस्में राजा जनक के स्थान पीएल पैलेस में सीता जी के हल्दी के छापों के साथ पूरी हुई। राजा जनक और परिवारीजनों ने भावुक होकर सीता जी को विदा किया।
जूता मार्केट के मंच पर भी बरसे भक्ति के रंग
उधर जूता मार्केट की पार्किंग में सजे मंच पर आयोजित भजन संध्या का शुभारम्भ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने किया। श्रद्धालुओं के विशेष आग्रह पर आज दोबारा वानर सेना व शिव ताण्डव की प्रस्तुति का मंचन किया गया। सुताजा शर्मा के हम कथा सुनाते राम सकल गुण धान की... भजन जैसे ही प्रारम्भ किया, हर श्रद्धालु भक्ति के रंग में डूब गया। चंचल उपाध्याय ने तेरा राम जी करेंगे बेड़ा पार..., दुनिया चले न श्रीराम के बिना..., राम से बड़ा राम का नाम..., जग में सुन्दर हैं दो नाम..., मुजे अपनी शरण में ले लो राम... जैसे सुन्दर भजन सुनाए। संयोजक रंजीत सामा ने अतिथियों का स्वागत किया।
जनकपुरी में सुरक्षा की जिम्मेदारी कंप्यूटर सेना ने संभाली। सुरक्षा व्यवस्था में जनकपुरी सुरक्षा प्रभारी आर एस सेंगर, मीडिया पभारी चतुर्भुज तिवारी, तपन पचौरी, मनीष कुमार, सुमित शर्मा, सुनील मित्तल, धर्मेंद्र परमार, धर्मेंद्र राजावत, आशुतोष सारस्वत, अमित पटेल, नितिन वर्मा, गजेंद्र सिंह, जितेंद्र बघेल, विशाल सिंह, जितेश बघेल, ब्रजेश बघेल शामिल थे।
______________________________
Post a Comment
0 Comments