आगरा से सुबह प्रयागराज जायेगी और शाम को लौटेगी वन्दे भारत ट्रेन

-सुबह 6 बजे चलकर 10.30 पहुंचेगी, शाम पांच बजे चलकर 9.30 बजे लौटेगी
-भगवा रंग की होगी ट्रेन, आठ कोच होंगे, साढ़े चार घंटे में पहुंचेगी
आगरा, 10 सितंबर। ताज नगरी आगरा से तीर्थराज प्रयागराज को वंदे भारत से जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है। दीपावली से पहले वंदे भारत के संचालन की उम्मीद है। प्रस्तावित समय सारिणी के अनुसार, आगरा से वंदे भारत सुबह छह बजे चलेगी और सुबह साढ़े 10 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। प्रयागराज से शाम पांच बजे यह ट्रेन चलेगी और रात साढ़े नौ बजे आगरा पहुंच जाएगी।
यह ट्रेन भगवा रंग की होगी और आठ कोच की होगी। संगम स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं व हाईकोर्ट आवागमन करने वालों के लिए यह वंदे भारत बहुत खास होगी। एक ही दिन में आवागमन के साथ दिन में प्रयागराज में समय बिताने का भी मौका मिल जाएगा। वहीं, पर्यटन की दृष्टि से भी यह ट्रेन बहुत महत्वपूर्ण होगी।
प्रयागराज से आगरा कैंट के बीच 455 किमी की दूरी है। अभी ट्रेन से प्रयागराज से आगरा पहुंचने में छह से सात घंटे का समय लग रहा है।
फिलहाल दोनों प्रमुख शहरों के बीच यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलाने की योजना है। आगरा से प्रयागराज के बीच इस नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का टूंडला, इटावा और कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशनों पर भी स्टॉपेज होगा। यह ट्रेन पहले आगरा कैंट से चलेगी। बाद में इसे मथुरा जंक्शन तक भी किया जा सकता है।
________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments