मृत घोषित भाजपा नेता महेश बघेल की सांसें आधे घंटे बाद लौटीं, दूसरे अस्पताल में इलाज जारी
आगरा, 06 अगस्त। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष महेश बघेल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। परिजन उन्हें रोते-बिलखते घर लेकर पहुंचे। सगे-संबंधियों को घर पर जमावड़ा लग गया। निधन के करीब आधे घंटे बाद अचानक उनकी सांसें फिर लौट आईं और वह जिंदा हो गए। महेश को परिजन तत्काल हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां अब उनका इलाज चल रहा है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता महेश बघेल कई दिनों से बीमार हैं। उनका पहले राजामंडी स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। हालत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें दो दिन पहले परिजनों ने देहली गेट स्थित पुष्पांजलि हॉस्पिटल में एडमिट करा दिया। आज सुबह डॉक्टरों ने हॉस्पिटल में उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें मृत समझकर घर ले गए। परिजन घर पर उनसे बिछड़ने के बाद बिलख रहे थे, तभी उनकी अचानक से सांसें चलने लगीं। परिजन उन्हें न्यू आगरा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां पर डॉक्टर भाजपा नेता को भर्ती कर उनका इलाज कर रहे हैं।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष महेश बघेल की पत्नी कमला ने बताया कि हॉस्पिटल से लेकर सुबह जब उन्हें सराय ख्वाजा स्थित आवास पर ले आए थे। घर आने के कुछ देर बाद ही उनकी सांसें फिर चलने लगीं। ईश्वर ने उन्हें नई जिंदगी दे दी है। पूरे परिवार में खुशी है।
महेश बघेल की चेतना वापस लौटने पर भाजपा नेताओं में भी खुशी है। भाजपा कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए हैं। साथ ही कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं कि सुबह जिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था, क्या कोई लापरवाही बरती गई थी। यह जांच विषय है। एक जिंदा व्यक्ति को मृत कैसे घोषित कर दिया।
उन्हें न्यू आगरा स्थित डा. रामवेद के अस्पताल में रखा गया है। वहां बिना वेंटीलेटर के भी बीपी सही आ गया। उन्होंने आंखें भी खोल लीं। चिकित्सक ने उनके चेस्ट में इनफेक्शन बताया है। अभी परिजन वहीं डटे हुए हैं।
________________
Post a Comment
0 Comments