आगरा में यमुना का पानी सड़क पर आया, 45 साल पहले की यादों ने बढ़ाई लोगों में खलबली
आगरा, 16 जुलाई। पहाड़ों पर हुई भारी बारिश के कारण निरंतर बढ़ रहा यमुना नदी का पानी दिल्ली के बाद अब ताजनगरी में भी सड़कों और खेतों में आ गया है। बेलनगंज में यमुना किनारे स्ट्रेची ब्रिज की नीची सड़क पर यमुना का पानी आज रविवार की दोपहर तक करीब एक फुट तक भर चुका था।
जिले में यमुना लो फ्लड लेवल से ऊपर बह रही है। यमुना किनारा मार्ग पर पानी भरने के कारण जाम की स्थिति पैदा हो रही है इसके अलावा दयालबाग में खेतों में पानी भर गया। ताजगंज श्मशान घाट का निचला हिस्सा भी डूब गया है।
आज रविवार सुबह यमुना का जलस्तर 495.80 फीट तक पहुंच गया। यह लो फ्लड लेवल से ऊपर है। लो फ्लड लेवल 495 फीट है। इस लेवल पार करते ही यमुना का पानी अब शहर में घुसने लगा, स्ट्रैची ब्रिज के नीचे के नीचे पानी भर गया। प्रशासन ने पुलिसकर्मी तैनात कर दिए हैं। दोपहिया वाहनों को बेलनगंज होकर गुजारा जा रहा है।
लोगों ने बताया कि यहां पर वर्ष 1978 में बाढ़ में पानी आया था। उसके बाद अब यहां तक पानी आया है। अगर जलस्तर और बढ़ता है तो पानी शहर में घुस जाएगा। इससे परेशानी हो सकती है।
ताजगंज श्मशान घाट में भी पानी भरने से अंतिम संस्कार में परेशानी आ रही है। श्मशान घाट में ऊंचाई पर बने नए प्लेटफॉर्म पर अंतिम संस्कार किए जा रहे हैं।
स्ट्रैची ब्रिज के नीचे पानी आने से मोतीगंज और ट्रांसपोर्ट व्यापारियों में खलबली है। प्रशासन ने तीन दिन पहले ही यमुना किनारे के व्यापारियों को बाढ़ की संभावना के चलते गोदाम खाली करने के लिए कहा था। मोतीगंज के करीब 40 व्यापारियों ने गोदाम भी खाली कर दिए थे। मगर, ट्रांसपोर्ट गोदाम खाली नहीं हुए थे। ऐसे में अब सड़क पर पानी आने के बाद ट्रांसपोर्ट कारोबारी परेशान हैं।
_________________________
Post a Comment
0 Comments