पत्नी कर रही थी बैंक में नौकरी, पति करता था शक
आगरा, 10 अप्रैल। यहां बैंक में नौकरी कर रही पत्नी का देर से घर आना और मोबाइल फोन पर बात करना पति को बुरा लगता था। वह वीडियो कॉल कर लोकेशन पता करता था। ड्यूटी से लौटने पर सवाल-जबाव करता था। इस बात पर पति और पत्नी में झगड़े शुरू हो गये। पत्नी दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई। उसने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत कर दी। परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग हुई तो पति को गलती का अहसास हुआ। दोनों में राजीनामा हो गया और साथ घर चले गए।
सदर क्षेत्र की एक युवती करीब दस साल पहले घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए जाती थी। इस दौरान रास्ते में रोज मिलने वाले एक लड़के से दोस्ती हो गई। कुछ दिनों के बाद दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने शादी करने का फैसला किया। युवती के परिजनों ने विरोध किया। इसके बावजूद छह साल पहले दोनों ने शादी कर ली। पत्नी बीए तक पढ़ी है, पति आठवीं क्लास तक पढ़ा है। शादी के बाद पति मजदूरी करने लगा। परिवार में सबकुछ ठीक चल रहा था। इस दौरान पत्नी ने दो बच्चों को जन्म दिया। कोविड आने के बाद पति को काम मिलना कम हो गया। इस पर पत्नी ने पढ़े-लिखे होने का फायदा उठाया और एक बैंक में उसकी नौकरी लग गई। कुछ दिनों तक तो पत्नी की नौकरी लगने से पति खुश रहा। इसके बाद पत्नी पर शक करने लगा। दिन में कई बार बैंक में फोन कर जानकारी करता था। वीडियो कॉल पर बैंक में होने का सबूत मांगने लगा। पत्नी ने कई बार समझाया कि बैंक में अधिकारी के सामने फोन पर बात नहीं कर सकते। घर देर से आने पर सवाल जबाव करता। विरोध करने गाली-गलौज, हाथापाई करने लगता। पत्नी परेशान होकर छह महीने पहले मायके आकर रहने लगी। परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग हुई तो दाेनों के बीच की दूरियां मिट गई। पति को गलती का अहसास हुआ।
_____________________
Post a Comment
0 Comments