स्टिंग ऑपरेशन कर भ्रूण लिंग परीक्षण करने वाली पैथोलॉजी पर छापा
आगरा, 15 जुलाई। शहर के यमुनापार क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग और एसटीएफ की टीम ने स्टिंग ऑपरेशन कर भ्रूण लिंग परीक्षण करने वाली एक पैथोलॉजी पर छापा मारा। छापे में एक आशा कार्यकर्ता और एक दलाल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। जांच के आधार पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि यमुनापार में करीब एक माह पहले प्रिया हॉस्पिटल को भ्रूण लिंग परीक्षण करने के मामले में सील किया गया था और डॉक्टर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वहीं फिर से यमुनापार में भ्रूण लिंग परीक्षण की सूचना सामने आ रही थी। इसके बाद टीम को तैयार किया गया और यमुनापार की कई पैथोलॉजी पर जांच पड़ताल की गई। ट्रांस यमुना फेस वन में स्थित रियल डायग्नोस्टिक जिसे डॉ दीपक अग्रवाल एमडी पैथ और उनकी पत्नी सारिका अग्रवाल चलाती हैं, पर स्टिंग ऑपरेशन के दौरान छापा कार्रवाई की गई।
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि फतेहाबाद ब्लॉक में तैनात आशा महिला अनीता ने एक डमी पेशेंट को अपने साथ लेकर बिचौलिए वीरेंद्र पुत्र हीरालाल निवासी रामपुर फिरोजाबाद से मुलाकात कराई। वीरेंद्र रामबाग क्षेत्र के एपी हॉस्पिटल में कंपाउंडर के तौर पर काम करता है। उसने बताया कि 20 हजार रुपये में लिंग परीक्षण करा दिया जाएगा।
वीरेंद्र डमी पेशेंट को अपने साथ ट्रांस यमुना की पैथोलॉजी पर लेकर आया। वहीं स्वास्थ्य की टीम डायग्नोस्टिक सेंटर के पास खड़ी होकर इंतजार करने लगी। जैसे ही वीरेंद्र ने डमी पेशेंट से पैसे लिए, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे पीछे से दबोच लिया। इसके बाद वीरेंद्र अचानक से हड़बड़ा गया और पैथोलॉजी में भी हड़कंप मच गया।
स्वास्थ्य विभाग और एसटीएफ की टीम पैथोलॉजी में जांच-पड़ताल में जुट गई। डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया है कि 20 हजार रुपये बिचौलिया वीरेंद्र ने अपने हाथ में लिए थे। पैथोलॉजी के कागजों की जांच पड़ताल की जा रही है जल्द ही कार्रवाई की जायेगी।
Post a Comment
0 Comments