यातायात माह के दस दिन बीते, फिर भी जाम से नहीं मिली राहत, पुलिस लाइन में हुई समीक्षा
आगरा, 12 नवम्बर। शहर में इस समय यातायात माह चल रहा है। इसके बावजूद कई स्थानों पर जाम की स्थिति देखने को मिल रही है। यातायात पुलिसकर्मी चौराहों और अन्य मार्गों पर व्यवस्था संभालने में लगे हैं, लेकिन जाम से पूरी तरह निजात नहीं मिल पा रही है।
यातायात माह के दस दिन बीत जाने के बाद गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित कार्यालय में इसकी समीक्षा की गई। अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने पुलिस उपायुक्त यातायात, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात तथा यातायात निरीक्षकों के साथ यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत प्रथम 10 दिनों में की गई कार्रवाई एवं संचालित जागरूकता अभियानों की विस्तृत समीक्षा की। आगामी दिनों के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शादी सीजन को लेकर विशेष तैयारी
21 नवंबर को देवोत्थान एकादशी से वैवाहिक कार्यक्रम शुरू हो रहे हैं। इसको लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। एमजी रोड एवं फतेहाबाद रोड स्थित मैरिज हॉल संचालकों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा वैवाहिक आयोजनों में आने वाले वाहनों के लिए परिसर के अंदर अथवा निर्धारित स्थलों पर पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए, जिससे मुख्य मार्गों पर अनावश्यक जाम एवं यातायात अवरोध की स्थिति उत्पन्न न हो और आमजन को आवागमन में असुविधा न हो।
इस दौरान विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के बीच यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निबंध एवं कला प्रतियोगिताएं आयोजित कराने, विभिन्न वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगवाने तथा आमजन को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने हेतु अधिकाधिक जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने एवं प्रमुख चौराहों, मार्गों तथा यातायात प्रभावित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
___________________________________

Post a Comment
0 Comments