सेंट पीटर्स कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया दीपावली पर्व, छात्रों ने दीं मनमोहक प्रस्तुतियां
आगरा, 06 नवंबर। सेंट पीटर्स कॉलेज में 'दीपावली पर्व' के अवसर पर आकर्षक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के प्रबंधक फादर मिरांडा, प्रधानाचार्य फादर डॉ. ऑल्विन पिंटो, उपप्रधानाचार्य फादर कुलकंत, फादर लुईस खेस, सिस्टर एन्सी तथा कोऑर्डिनेटर श्रीमती शोभा राना उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का प्रारंभ ईश वंदना और प्रार्थना के साथ किया गया। सभी धर्मों के ग्रंथों के पाठन के साथ सभी को दीपोत्सव की बधाई दी गई। छात्र सत्य मित्तल ने 'दीपावली' पर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए संदेश दिया - "जलाओ दिए पर रहे ध्यान इतना, अंधेरा धरा पर कहीं रह न जाए।"
इस अवसर पर छात्रों ने दूसरों की सहायता करने का आह्वान किया। प्राइमरी छात्रों ने 'रोचक सामूहिक नृत्य' प्रस्तुत कर वातावरण को खुशनुमा बना दिया। जिस प्रकार अनेक दीप मिलकर दीपमाला बनाते हैं, उसी प्रकार विभिन्न सुरों के मेल से मधुर संगीत उत्पन्न होता है। कॉलेज के छात्र समूह ने इसे ही प्रमाणित किया, अपने सामूहिक गीत 'कौशल्या नंदन' द्वारा।
'रामायण' भारतीय संस्कृति का महाकाव्य है। इस अमर गाथा की सुंदर प्रस्तुति छात्रों द्वारा नाटिका 'रघुकुल' के माध्यम से दी गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
कॉलेज प्रधानाचार्य ने इस अवसर पर सभी को दीपोत्सव की शुभकामनाएं दीं और कहा - दीपावली केवल दीप प्रज्ज्वलन व सज्जा का त्योहार नहीं, बल्कि असत्य पर सत्य की विजय का पर्व है। श्रीरामचंद्र जी के विजय के उपरांत लौटने का पर्व है। आज समाज में हम सभी लोगों के द्वारा निर्मित अंधकार चारों ओर फैला है। हमें इस अवसर पर घृणा, स्वार्थ जैसी बुराइयों को त्याग कर आपसी मेल-मिलाप के साथ जीवन में आगे बढ़ना है।
कार्यक्रम के अंत में छात्र आरव खंडेलवाल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। संचालन छात्र वैभव खुशलानी व सार्थक चौहान द्वारा किया गया।
____________________________________

Post a Comment
0 Comments