सदर क्षेत्र के आवासीय मकान में अवैध पटाखों का जखीरा पकड़ा, 100 किलो आतिशबाजी बरामद

आगरा, 06 नवम्बर। थाना सदर बाजार पुलिस ने आवासीय इलाके में चल रहे अवैध भंडारण का भंडाफोड़ करते हुए करीब 100 किलो अवैध पटाखे बरामद किए हैं। बरामद आतिशबाजी की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नगला भवानी सिंह, देवरी रोड क्षेत्र में एक मकान में बिना लाइसेंस के भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सदर बाजार पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस को मकान के अंदर अलग-अलग कार्टनों और बोरों में रखे पटाखे मिले। मौके से सचिन कुमार को हिरासत में लिया गया, जिसके कब्जे से अवैध विस्फोटक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास पटाखों के भंडारण या बिक्री का कोई वैध लाइसेंस नहीं था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घनी आबादी वाले आवासीय इलाके में इस तरह पटाखों का भंडारण बेहद खतरनाक था। जरा सी चूक से बड़ा हादसा हो सकता था। आग लगने की स्थिति में आसपास के घरों तक को नुकसान पहुंच सकता था।
इस मामले में सदर बाजार थाने में आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह पटाखे कहां से लाए गए थे और कहां-कहां सप्लाई किए जाने थे।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि त्योहारों के दौरान बिना लाइसेंस के आतिशबाजी का भंडारण, निर्माण और बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments