आगरा में रेलवे के असिस्टेंट ऑपरेटिंग मैनेजर की संदिग्ध हालात में मौत, पत्नी ने लगाया प्रताड़ना का आरोप

आगरा, 02 नवम्बर। उत्तर मध्य रेलवे, आगरा मंडल के सहायक परिचालन प्रबंधक (AOM) अभिषेक कुमार कुशवाहा की रविवार रात करीब 10:30 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव डीआरएम कार्यालय स्थित उनके चैंबर में सोफे/कुर्सी पर पड़ा मिला।
परिवार का आरोप - काम के बोझ और मानसिक तनाव में थे अभिषेक
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मृतक की पत्नी आस्था रानी और मां सुशीला देवी ने परिचालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों पर आरोप लगाए हैं। पत्नी का आरोप है कि अभिषेक से अतिरिक्त ड्यूटी कराई जाती थी और काम के नाम पर मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। परिजनों का कहना है कि घटना के लिए अधिकारियों की कार्यशैली जिम्मेदार है।
क्या है पूरा घटनाक्रम
मूल रूप से गाजीपुर के रहने वाले अभिषेक का चार महीने पहले ही प्रमोशन होकर प्रयागराज के सतर्कता विभाग से आगरा तबादला हुआ था। रविवार को प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (PT) के चलते उनकी ड्यूटी डीआरएम कार्यालय के कंट्रोल रूम में थी। रात 10 बजे तक ड्यूटी के बाद वह अपने चैंबर में गए। कर्मचारियों से कहा था कि उन्हें ठीक नहीं लग रहा है। घर नहीं पहुंचने पर परिजन तलाशते हुए कार्यालय पहुंचे। रात करीब 10:30 बजे चैंबर में देखा तो वह सोफे पर अचेत पड़े थे। पास में उल्टी और कुछ गोलियां पड़ी मिलने की बात सामने आ रही है। उन्हें तुरंत रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
चार महीने पहले ही पिता बने थे अभिषेक
परिवार में चार महीने पहले ही बेटे का जन्म हुआ था। पत्नी आस्था का कहना है कि वह अभिषेक को नौकरी छोड़कर गांव चलने के लिए कहती थीं, लेकिन वह जिम्मेदारी को लेकर गंभीर थे।
हंगामा और जांच
घटना के बाद बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी रेलवे अस्पताल के बाहर जमा हो गए और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। घर से लाई गई डायरी, मोबाइल फोन और चैंबर से मिले साक्ष्य जांच में अहम माने जा रहे हैं। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
___________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments