आगरा निवासी फिरोजाबाद कंज्यूमर कोर्ट की महिला मजिस्ट्रेट की कार दुर्घटना में मृत्यु, ज्योतिष की भी जानकार थीं सोनम चतुर्वेदी

आगरा, 04 नवम्बर। पड़ोसी जनपद फिरोजाबाद के थाना मक्खनपुर क्षेत्र में हाईवे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कंज्यूमर कोर्ट की महिला सदस्या/मजिस्ट्रेट की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब दस बजे हुआ।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फिरोजाबाद कंज्यूमर कोर्ट की सदस्या/मजिस्ट्रेट सोनम चतुर्वेदी (45 वर्ष) बुधवार को अपनी स्विफ्ट कार से आगरा से फिरोजाबाद जा रही थीं। वह खुद कार चलाकर आगरा से ऑफिस जा रही थीं। जब वह फिरोजाबाद के मक्खनपुर थाना क्षेत्र में पहुंचीं, तभी आगे चल रही एक्सेंट कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे सोनम कार पर नियंत्रण नहीं रख सकीं और उनकी गाड़ी आगे चल रही कार से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि उनकी कार बेकाबू होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने से मजिस्ट्रेट गंभीर रूप से घायल हो गईं। 

मौके पर पहुंची थाना मक्खनपुर पुलिस ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 
आगरा के ताजनगरी फेज-1 निवासी सोनम चतुर्वेदी (45) वर्ष 2022 से फिरोजाबाद जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग की नामित सदस्य थीं। इस आयोग को पहले जिला उपभोक्ता फोरम कहा जाता था।
हादसे की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी और आगरा से परिजन अस्पताल पहुंच गए। बताया गया है कि सोनम चतुर्वेदी को ज्योतिष का भी ज्ञान था। उनके पति वैभव प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। उनका एक बेटा शौर्य है, जो आगरा में हाईस्कूल में पढ़ता है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त दूसरी कार का चालक मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments