आगरा में बंद कोचिंग में मैथ्स टीचर का शव मिला, तीन दिन से थे लापता

आगरा, 06 नवंबर। जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के आवास विकास चौकी के पास स्थित एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां बंद कोचिंग सेंटर के अंदर शिवालिक स्कूल के मैथ्स टीचर ओपी यादव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है। 
शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक ओपी यादव शिवालिक स्कूल में गणित के शिक्षक थे। इसके साथ ही वे बीएस प्लाजा के सेमी-बेसमेंट में अपनी एक प्राइवेट कोचिंग भी चलाते थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार से न तो उनकी कोचिंग खुली थी और न ही वे स्कूल पढ़ाने गए थे। वे पिछले तीन दिनों से लापता थे।
बंद कोचिंग के अंदर से जब तेज दुर्गंध आने लगी, तब आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खोला तो अंदर शिक्षक का शव पड़ा मिला। शव काफी पुराना होने के कारण सड़ने की स्थिति में पहुंच चुका था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
__________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments