आगरा के बर्खास्त फायरमैन ने अब यूपी-112 पर दी धमकी- "जांच आख्या नहीं मिली तो गोरखनाथ मठ में लगा दूंगा आग," खुद को बताया लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य

आगरा, 06 नवंबर। जांच आख्या न मिलने से नाराज जिले के बर्खास्त फायरमैन जितेंद्र राठौर ने यूपी-112 पर कॉल कर सनसनी फैला दी। कॉलर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मठ में आग लगाने की धमकी देते हुए खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य भी बताया। कॉल के बाद गोरखपुर और आगरा पुलिस में हड़कंप मच गया और दोनों जिलों की पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यूपी-112 कंट्रोल रूम पर आई कॉल में कॉलर ने खुद को आगरा का बर्खास्त फायरमैन जितेंद्र राठौर बताया। उसने कहा कि उसे निर्धारित अवधि में जांच आख्या प्राप्त नहीं हुई है। अगर समय पर जांच आख्या नहीं मिली तो वह गोरखपुर मठ में जाकर आग लगा देगा, परिणाम चाहे कुछ भी हो।
कॉल के दौरान जितेंद्र राठौर ने कहा, "मुझे जांच आख्या प्राप्त नहीं हुई तो मैं क्या करूं? मुझे जांच आख्या प्राप्त नहीं हुई तो मैं योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर मठ में जाकर आग लगा दूंगा।"
इस पर यूपी-112 पर बात कर रही महिला कर्मचारी ने उसे समझाते हुए कहा, "सर, ऐसा कोई गलत कदम मत उठाइए।"
जवाब में जितेंद्र ने कथित तौर पर कहा, "मैं क्या करूं? रिफाइनरी के प्रवीण तिवारी मुझे गलत कदम उठाने पर विवश कर रहे हैं। मुझे कानून तोड़ने पर विवश न किया जाए। आप रिकॉर्ड करिए मेरी बात को।"
कॉलर ने कॉल में यह भी दावा किया कि वह सुप्रीम कोर्ट में याचिकाकर्ता भी है और उसका डायरी नंबर 34554/2000 है। कॉल के अंत में उसने "जय हिंद, जय भारत, जय समाजवाद, भारत माता की जय" कहा।
कॉल रिसीव करने वाले कर्मचारी ने तुरंत इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। पुलिस अब कॉल की लोकेशन, नंबर और रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है।
जितेंद्र राठौर मूल रूप से शिकोहाबाद का रहने वाला है। वह फायर सर्विस में फायरमैन के पद पर तैनात था। विभाग ने उसे लगातार अनुशासनहीनता, अधिकारियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर विवादित टिप्पणियां करने, सरकारी वर्दी पहनकर अलग-अलग शहरों में बिना अनुमति के प्रदर्शन करने और विभाग द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस का पंद्रह दिन में जवाब न देने के कारण सेवा से बर्खास्त कर दिया था।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments