आगरा में दीपावली पर कल चार नवंबर से ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू, पुराने शहर में ऑटो/ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे

आगरा, 03 नवम्बर। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, छठ पूजा और कार्तिक पूर्णिमा के त्योहारों को लेकर पुलिस कमिश्नरेट ने यातायात डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है। बढ़ती भीड़ और बाजारों में वाहनों के दबाव को देखते हुए यह प्लान 04 नवंबर से लागू होगा, जबकि प्रमुख त्योहार 06 नवंबर से 11 नवंबर तक मनाए जाएंगे।
यातायात मीडिया सेल, पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार आम जनमानस की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू यातायात संचालन के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
1. शाहगंज बाजार के लिए डायवर्जन प्लान:
- डबल फाटक रुई की मंडी से कोई भी चार पहिया / तीन पहिया वाहन (ऑटो / ई-रिक्शा) रुई की मंडी चौराहा की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। ये वाहन डबल फाटक से नगला छउआ होते हुए ईदगाह चौराहा होकर जाएंगे।
- तहसील चौराहा से रूई की मंडी चौराहा की ओर वाहन प्रतिबंधित रहेंगे, ये वाहन पचकुइयां चौराहा से कोठी मीना बाजार होकर जाएंगे।
- भोगीपुरा चौराहा से रुई की मंडी / संगीता टॉकीज मार्ग पर ऑटो/ई-रिक्शा नहीं जाएंगे, ये सीओडी तिराहा से साकेत कॉलोनी होकर जाएंगे।
- पचकुइयां चौराहा से शाहगंज जाने वाले मार्ग पर चार पहिया/तीन पहिया वाहन नहीं जाएंगे, ये कोठी मीना बाजार से साकेत चौराहा होकर जाएंगे।
- स्पीड कलर लैब चौराहा और सीओडी तिराहा से शाहगंज और भोगीपुरा चौराहा की ओर वाहन नहीं जाएंगे।
पार्किंग स्थल: तहसील सदर, कोठी मीना बाजार, जीआईसी ग्राउंड और बारहखंभा फाटक के पास रेलवे के खाली प्रांगण में वाहन पार्क किए जा सकेंगे। यह व्यवस्था सुबह आठ बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी।
2. एमजी रोड (स्पीड कलर लैब से दीवानी चौराहा) प्लान:
- सूरसदन से भगवान टॉकीज जाने वाली इलेक्ट्रिक सिटी बसें सूरसदन तिराहा से वजीरपुरा, पालीवाल पार्क गेट, विजय नगर पुलिस चौकी होते हुए सुल्तानगंज की पुलिया से जाएंगी।
- भगवान टॉकीज से सूरसदन की ओर आने वाली बसें सुल्तानगंज की पुलिया चौराहा, विजय नगर पुलिस चौकी, पालीवाल पार्क गेट से कॉसमॉस मॉल तिराहा होते हुए जाएंगी।
- सूरसदन से दीवानी गोल चक्कर के बीच वाहनों का आवागमन रोक-रोक कर चलाया जाएगा। सड़क किनारे पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी, नो-पार्किंग में खड़े वाहनों को क्रेन से हटाया जाएगा।
पार्किंग स्थल: नगर निगम परिसर, सूरसदन प्रेक्षागृह और संजय प्लेस की विभिन्न पार्किंगों में।
3. पुराना शहर (शाहगंज, फुव्वारा, कश्मीरी बाजार) प्लान:
- सुभाष बाजार पुलिस चौकी / चिम्मन पूड़ी तिराहा, मदीना होटल तिराहा से सुभाष बाजार, लुहार गली, रावतपाड़ा, सेठ गली, जौहरी बाजार, नमक की मंडी होकर फुव्वारा चौराहा के बीच सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। खरीदार अपने वाहन फोर्ट स्टेशन पार्किंग में पार्क कर पैदल जा सकेंगे।
- पीपल मंडी तिराहा से रावतपाड़ा तिराहा, व्यास मेडिकल स्टोर तिराहा (हॉस्पिटल रोड) से सिंधी बाजार, पीपल गेट होते हुए फुव्वारा और चर्च गेट हॉस्पिटल रोड तिराहा से फुव्वारा की तरफ तीन पहिया/चार पहिया वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
- पुराने शहर के प्रमुख बाजारों- चिम्मन पुड़ी तिराहा, लुहार गली, रावत पाड़ा, नमक की मंडी, सेठ गली, किनारी बाजार, कसेरठ बाजार, फुव्वारा, कश्मीरी बाजार, सेव का बाजार, लाडो गली हींग की मंडी (पाकीजा होटल) से दवा मार्केट कोतवाली के मध्य ऑटो/ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे।
पुलिस ने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। किसी भी असुविधा पर ट्रैफिक कंट्रोल हेल्पलाइन नंबर 9454457886 पर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि सड़क पर चल रही एम्बुलेंस को प्राथमिकता देते हुए तुरंत रास्ता दें।
___________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments