Agra News: खबरें आगरा की....

विधायक डॉ. धर्मेश मंडल अध्यक्षों के साथ विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री से मिले
आगरा, 12 नवम्बर। छावनी क्षेत्र के विधायक और पूर्व मंत्री डॉ. जीएस धर्मेश ने गुरुवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ स्थित उनके आवास पर क्षेत्र के सभी मंडल अध्यक्षों के साथ मुलाकात की। इस दौरान छावनी विधानसभा क्षेत्र की जन समस्याओं पर चर्चा हुई और विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी बातों को गंभीरता से सुना और विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का भरोसा दिलाया। विधायक धर्मेश के साथ ताज मंडल अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, राजेश्वर मंडल अध्यक्ष कौशल चौहान, रावली मंडल अध्यक्ष विवेक सिंह लोधी, छावनी परिषद मंडल अध्यक्ष बंटी कनौजिया, मधु नगर मंडल अध्यक्ष विपिन उपाध्याय, अर्जुन नगर मंडल अध्यक्ष जय सिंह सरदारा एवं निवर्तमान छावनी परिषद मंडल अध्यक्ष अशोक अग्रवाल उपस्थित रहे।
________________________________________
मॉरीशस के 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के स्वागत की तैयारियां
आगरा, 12 नवम्बर। मॉरीशस का 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 12 से 18 नवंबर तक भारत यात्रा पर आ रहा है। प्रतिनिधिमंडल के स्वागत और प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं को लेकर विगत दिवस आगरा क्लब में वृद्धजन सम्मान समिति बैठक आयोजित की गई।
बैठक में दिल्ली-एनसीआर की सदस्य मुख्य न्यायाधीश की निजी सहायक के पद से सेवानिवृत्त मीरा हेमन्त, उच्चतम न्यायालय की सेवानिवृत्त अधिकारी वीरा वर्मा तथा बेंगलुरु में भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक पद से सेवानिवृत्त उषा शामिल रहीं।
मॉरीशस का प्रतिनिधिमंडल दिल्ली से वृन्दावन पहुंचेगा। वृन्दावन के प्रमुख मंदिरों के दर्शन कर प्रतिनिधिमंडल अयोध्या के लिए रवाना होगा। अयोध्या में दर्शन एवं अन्य व्यवस्थाएं संस्था द्वारा की गई हैं। 16 से 18 नवंबर तक प्रतिनिधिमंडल आगरा में प्रवास करेगा। इस दौरान कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में वी.डी. अग्रवाल, कर्नल ए.एम. नायडू, डॉ. गिरीश सी. गुप्ता, राजेश गोयल, दीपक प्रहलाद अग्रवाल उपस्थित रहे।
________________________________________
विश्व मधुमेह दिवस पर निःशुल्क जांच शिविर, ब्लड शुगर और बीपी की होगी जांच
आगरा, 12 नवम्बर। विश्व मधुमेह दिवस पर आगरा डायबिटिक फोरम एवं आईएमए द्वारा उत्तर प्रदेश डायबिटीज एसोसिएशन एवं आरएसएसडीआई यूपी चैप्टर के सहयोग से 14 नवंबर को निःशुल्क जागरूकता और जांच शिविर लगाए जाएंगे।
सुबह 6.30 से 8.30 बजे तक कंपनी गार्डन सदर और खेलगांव में लगाए जा रहे शिविर में मधुमेह रोगियों एवं आम नागरिकों की निःशुल्क ब्लड शुगर जांच, ब्लड प्रेशर जांच के साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मधुमेह से बचाव, खान-पान, व्यायाम एवं दवाओं के सही उपयोग के बारे में जानकारी दी जाएगी। शिविर में आने वाले सभी लोगों को निःशुल्क परामर्श दिया जाएगा।
________________________________________
एसएन के ईएनटी विभाग ने पांच वर्षीय बच्चे की सांस नली में फंसी वस्तु निकालकर बचाई जान
आगरा, 12 नवम्बर। एसएन मेडिकल कॉलेज के नाक, कान एवं गला (ईएनटी) विभाग के चिकित्सकों ने पांच वर्षीय बच्चे की श्वासनली (राइट मेन ब्रोंकस) में फंसी बाहरी वस्तु को सफलतापूर्वक निकालकर उसे नया जीवन दिया।
बच्चे को लगातार खांसी और सांस लेने में अत्यधिक कठिनाई की शिकायत के साथ एसएन मेडिकल कॉलेज लाया गया था। प्रारंभिक जांच में बच्चे का एक्स-रे बिल्कुल सामान्य दिखाई दे रहा था। हालांकि, डॉ. रोहिणी ने अपनी चिकित्सकीय दक्षता के आधार पर इस महत्वपूर्ण तथ्य को समझा कि बच्चों की श्वासनली में फंसी कई वस्तुएं एक्स-रे में दिखाई नहीं देतीं, इसलिए सामान्य एक्स-रे इस खतरे की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं करता। 
बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल जटिल ब्रोंकोस्कोपी के माध्यम से ऑपरेशन करने का निर्णय लिया गया। डॉ. रोहिणी ने अत्यंत सावधानी और कुशलता के साथ बच्चे के दाहिने मुख्य ब्रोंकस में फंसी बाहरी वस्तु को सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया। इस जटिल प्रक्रिया में ईएनटी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. रितु गुप्ता एवं डॉ. अखिल प्रताप का मार्गदर्शन और सहयोग रहा। ऑपरेशन के बाद बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है और सामान्य रूप से सांस ले रहा है।
एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि एसएन मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग की टीम ने अत्यंत सूझबूझ और त्वरित निर्णय लेकर एक मासूम बच्चे की जान बचाई है।
________________________________________
भाजपा जिला महिला मोर्चा की बैठक में नारी शक्ति का दिखा जोश
आगरा, 12 नवम्बर। धनौली में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष मनीषा सिंह और नवनिर्वाचित जिला कार्यसमिति का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला मंत्री सुधा बघेल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की सैकड़ों बहनों ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर संगठन की एकता, नारी शक्ति, संगठन की मजबूती एवं आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। जिलाध्यक्ष ने सभी बहनों से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया। सुधा बघेल ने सभी बहनों का आभार व्यक्त किया। संचालन उमेश बघेल ने किया।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष प्रतिमा राना, भावना वरदान शर्मा, एकता जैन, पूजा शर्मा, महामंत्री आशा अग्रवाल, राजेश्वरी बघेल, राधा तोमर, नीलम सविता सहित धनौली क्षेत्र की समस्त महिला मोर्चा की सदस्याएं मौजूद रहीं।
________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments