फतेहपुर सीकरी में शुरू हुआ लाइट एंड साउंड शो, काली माता मंदिर का भी सौंदर्यीकरण, 12 करोड़ से ज्यादा खर्च
आगरा, 27 नवम्बर। प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को फतेहपुर सीकरी में लाइट एंड साउंड शो तथा पाथवे इल्यूमिनेशन और यमुना किनारा रोड पर काली माता मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया।
दोनों परियोजनाएं मुख्यमंत्री पर्यटन विकास सहभागिता योजना के तहत आगरा विकास प्राधिकरण ने विकसित की हैं। कुल लागत 12 करोड़ रुपये से अधिक है।
फतेहपुर सीकरी में अब शाम को भी जीवंत होगा इतिहास
फतेहपुर सीकरी में रोज हजारों पर्यटक आते हैं, लेकिन शाम को कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम न होने से वे सूर्यास्त से पहले ही लौट जाते थे। अब दीवान-ए-आम में प्रोजेक्शन मैपिंग, प्रोजेक्टर, फसाड लाइट और पाथवे लाइट के जरिए अकबर और शेख सलीम चिश्ती की कहानी को लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से जीवंत किया गया है।
इस कार्य की लागत 926.60 लाख रुपये है। 50 प्रतिशत राशि राज्य सरकार/पर्यटन विभाग और 50 प्रतिशत एडीए पथकर निधि से दी गई है। तीन साल तक अनुरक्षण व संचालन एडीए करेगा।
यमुना किनारा रोड पर यमुना बैंक की ओर प्राचीन काली माता मंदिर के पास जीर्ण-शीर्ण पार्क का सौंदर्यीकरण किया गया है। पार्क में गणेश स्कल्पचर व मॉडर्न आर्ट स्कल्पचर लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं व मॉर्निंग वॉकरों के लिए आधुनिक ओपन जिम, पौधारोपण और आकर्षक स्ट्रीट लाइटें लगाई गईं। इसकी लागत 278.11 लाख रुपये है, जिसमें 50 प्रतिशत पर्यटन विभाग और 50 प्रतिशत नगर निगम का अंशदान है।
यूपी सबसे ज्यादा टूरिस्ट वाला राज्य: जयवीर सिंह
मंत्री ने कहा, योगी सरकार में यूपी सबसे ज्यादा टूरिस्ट आकर्षित करने वाला राज्य है, यहां 164 करोड़ पर्यटक आए हैं। आगरा में अब तक 442 करोड़ से 70 परियोजनाएं पूरी हुईं। अगले माह 46 करोड़ की 16 से अधिक परियोजनाओं का शिलान्यास होगा।
उन्होंने कहा, एक पर्यटक कम से कम छह लोगों की आजीविका का आधार बनता है। अब फतेहपुर सीकरी, बटेश्वर, चंबल ईको टूरिज्म और नीम करौरी सर्किट से पर्यटकों को 2-3 दिन रोकने का प्रयास है, ताकि आगरा की अर्थव्यवस्था को लाभ मिले।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, एडीए उपाध्यक्ष विजय कुमार, सचिव संजय कुमार सिंह, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
___________________________________

Post a Comment
0 Comments