Agra News: खबरें आगरा की.....

संत रविदास को नमन कर हुई 24वीं काव्य गोष्ठी, कवियों की रचनाओं पर खूब बजी तालियां
आगरा, 27 नवम्बर। संस्कार भारती द्वारा 24वीं नमन काव्य गोष्ठी माधव भवन, जयपुर हाउस में आयोजित की गई। गोष्ठी का शुभारंभ संत एवं कवि रविदास के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर संस्कार भारती के अखिल भारतीय अधिकारी एवं प्रचारक बांकेलाल गौड़, आचार्य यादराम सिंह कविकिंकर, वरिष्ठ कवि डॉ. ब्रज बिहारी लाल बिरजू, वरिष्ठ कवयित्री विजया तिवारी एवं प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग मौजूद रहे।
प्रभुदत्त उपाध्याय ने कहा- _आदमी से दूर कितना हो चला है आदमी।_ अशोक गोयल ने सरस्वती वंदना की। मीना शर्मा, राकेश शर्मा दद्दू, अलका शर्मा ने अपनी रचनाएं सुनाईं। डॉ. बिरजू ने कहा- _प्यार पतवार है, मझधार नहीं है।_ संजय कुमार एडवोकेट ने मां पर रचना सुनाई। मैनपुरी से आए जसमीत मोहन ने राधा-श्याम का गीत सुनाया।
गोष्ठी में रश्मि सिंह, उमाशंकर पाराशर, प्रकाश गुप्ता बेबाक, राजीव शर्मा निस्पृह व अन्य कवियों ने भी काव्यपाठ किया। संचालन संजय कुमार व अलका शर्मा ने, संयोजन प्रभुदत्त उपाध्याय ने किया। धन्यवाद ज्ञापन राजीव सिंघल ने दिया।
________________________________________
कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण
आगरा, 27 नवम्बर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर के कार्यालयों व न्यायालयों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने हाजिरी, फाइलों, अभिलेखों, सफाई, पेयजल व जनसुनवाई की व्यवस्था देखी।
डीएम ने समय पर उपस्थिति, फाइलों का समयबद्ध निस्तारण व आमजन को सुविधा देने के निर्देश दिए। टूट-फूट की मरम्मत व सफाई के लिए नाजिर को कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण में एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह, एडीएम वि./रा. संदीप कुमार वर्मा, एडीएम नगर यमुनाधर चौहान सहित अन्य अधिकारी रहे।
________________________________________
निर्वाचन कार्य में लापरवाही पर बीएसए ने तीन शिक्षकों का वेतन रोका
आगरा, 27 नवम्बर। निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बड़ी कार्रवाई की है। तीन शिक्षकों का नवंबर 2026 का वेतन और मानदेय अवरुद्ध कर दिया गया है। फॉर्म-6 में शून्य प्रगति मिलने पर निर्वाचक रजिस्ट्रकरण अधिकारी के निर्देश पर यह आदेश जारी किया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राकेश सिंह ने आदेश जारी किया है। कार्रवाई का शिकार हुई शिक्षिकाओं में शिवाली अग्रवाल, राजश्री यादव और आरती शर्मा शामिल हैं। ये शिक्षक विचपुरी, रजरई और ताजगंज क्षेत्र से जुड़े बताए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, निर्वाचन कार्य में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी शिक्षकों को समय पर फॉर्म-6 का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
________________________________________
यूपीसीए ट्रायल के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू, 30 नवंबर तक मिलेगा मौका
आगरा, 27 नवम्बर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के वर्ष 2027-28 के लिए होने वाले सभी ट्रायल के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 16 नवंबर से शुरू हो चुका है। खिलाड़ी 30 नवंबर तक अपना पंजीकरण करा सकेंगे। इसके बाद यूपीसीए की रजिस्ट्रेशन साइट बंद हो जाएगी।
डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील जोशन ने जानकारी दी कि बालक एवं बालिका खिलाड़ी https://registration.upca.tv/ लिंक के माध्यम से स्वयं अपना पंजीकरण कर सकेंगे। पंजीकरण के बाद पोर्टल से ही खिलाड़ी की पंजीकरण आईडी बन जाएगी।
ऐसे होगा पंजीकरण
पंजीकरण करते समय खिलाड़ी को ऑनलाइन विंडो पर नाम, पता, पिता का नाम, आयु, जनपद और आयु वर्ग की जानकारी भरनी होगी। निर्धारित शुल्क 400 रुपये के लिए पोर्टल से चालान मिलेगा। खिलाड़ी के मोबाइल नंबर से ही लॉगिन हो पाएगा और बाद में भी खिलाड़ी लॉगिन करके अपने आवेदन की स्थिति जान सकेगा।
पंजीकरण के समय खिलाड़ी को अपना वर्तमान फोटो, आधार कार्ड और डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र अपलोड करना होगा। कोई भी खिलाड़ी कितने भी निर्धारित आयु वर्ग में पंजीकरण कर सकेगा। एक मोबाइल नंबर से एक ही खिलाड़ी का पंजीकरण होगा। कोई भी आवेदन ऑफलाइन नहीं होगा।
रजिस्ट्रेशन करने के बाद चालान की कॉपी लेकर खिलाड़ी डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के कार्यालय फुट ऑन शूज बिल्डिंग, सिकंदरा में केके नगर पेट्रोल पंप के सामने सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 9719001003 नंबर पर या संयुक्त सचिव सर्वेश भटनागर से संपर्क कर सकते हैं।
________________________________________
कल 28 से बल्केश्वर पार्क में लगेगा खादी एवं ग्रामोद्योग महोत्सव
आगरा, 27 नवम्बर। बल्केश्वर पार्क में 28 नवंबर से 07 दिसंबर तक खादी एवं ग्रामोद्योग महोत्सव-2026 का आयोजन होगा। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल करेंगे। 
महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए उत्कृष्ट शिल्पकारों द्वारा निर्मित खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। आमजन को एक ही स्थान पर शुद्ध खादी वस्त्र, हस्तशिल्प, ग्रामोद्योग उत्पाद, घरेलू उपयोग की वस्तुएं एवं अन्य आकर्षक उत्पाद उचित मूल्य पर उपलब्ध होंगे। 
महोत्सव में भजन संध्या, सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रस्तुतियाँ, मयूर नृत्य एवं ब्रज की सांस्कृतिक झलक, शिवमय सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, खादी फैशन शो और संगीत संध्या का आयोजन होगा।
________________________________________





ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments