लघु उद्योग भारती ने किया जीएसटी पर सार्थक संवाद, अधिकारियों ने दूर की व्यापारियों की शंकाएं || ई वे बिल की दिक्कतें दूर की जाएं - राकेश गर्ग

आगरा, 27 नवम्बर। लघु उद्योग भारती द्वारा शुक्रवार को आयोजित जीएसटी विमर्श कार्यक्रम में अधिकारियों और व्यापारियों ने सार्थक संवाद किया। संजय प्लेस स्थित एक होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में टैक्स को लेकर दिक्कतों और संभावित समाधान पर मंथन किया गया। नियमों में नए सरलीकरण की भी जानकारी दी गई। 
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि देशभर में जीएसटी संग्रह निरंतर बढ़ने से यह साफ हो गया है कि व्यापारियों ने इसे ईमानदारी से अपना लिया है। ई वे बिल के कई समाधानों को अभी दूर करने की जरूरत है। उन्होंने एक किस्सा सुनाते हुए कहा कि व्यापारियों को कुछ फर्जी अधिकारियों के झांसे में आने की जरूरत नहीं है। बल्कि ऐसे लोगों के बारे में विभाग को सूचित करना चाहिए।
मुख्य अतिथि जीएसटी अपीलीय ट्रिब्यूनल के सदस्य विवेक कुमार ने व्यापारियों को सुझाव दिया कि ट्रिब्यूनल में अपील करते समय अपने सभी तथ्यों को मजबूती से रखें ताकि उनका पक्ष स्पष्ट हो सके। उन्होंने कहा कि जीएसटी अपीलीय ट्रिब्यूनल विवादों को काफी हद तक कम करने में सफल रहा है। आगरा में ट्रिब्यूनल की पीठ स्थापित किए जाने से व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। ट्रिब्यूनल अपनी ओर से सिंगल सुनवाई में ही मुद्दों को सुलझाने की पहल कर रहा है।
जीएसटी अपीलीय ट्रिब्यूनल के सदस्य अजीत कुमार ने व्यापारियों की टैक्स कानूनों के प्रति जागरूकता की सराहना की। उन्होंने जीएसटी ए टी की व्यवस्था को व्यापार हित में बताया और कहा कि इससे व्यापारियों को अपना पक्ष रखने में बड़ी सहूलियत मिली है। उन्होंने करदाताओं और अधिकारियों के बीच आपसी भरोसे पर भी जोर दिया।
एसजीएसटी एडिशनल कमिश्नर ग्रेड वन पंकज गांधी ने कहा कि जीएसटी काउंसिल की 57वीं बैठक में नियमों का काफी सरलीकरण कर दिया गया है। आईटीसी और रजिस्ट्रेशन में काफी नरमी बरती जा रही है। ब्याज माफी योजनाएं भी चलाई जा रही हैं। उन्होंने व्यापारियों से ईमानदारी से पूरा टैक्स जमा करने का आह्वान किया।
लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने संस्था की गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने जीएसटी में आ रही व्यवहारिक चुनौतियों को भी उठाया। सी ए निखिल गुप्ता ने नियमों में सरकार द्वारा किए गए सरलीकरण की जानकारी दी। जीएसटी अपील एडीशनल कमिश्नर ग्रेड टू पी एन यादव, जीएसटी अपील एडीशनल कमिश्नर ग्रेड टू गुलाब चन्द, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव दीपक अग्रवाल भी मंचासीन रहे।
इससे पहले आगरा कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन के अध्यक्ष भुवेश अग्रवाल ने सुझाव दिया कि छोटी कमियों को व्यापारियों को बिना नोटिस दिए ही सुलझाया जाना चाहिए। दिनेश गुप्ता ने जेम पोर्टल की प्रक्रिया का सरलीकरण किए जाने की मांग की। नितेश गुप्ता सीए ने व्यापारियों से नई तकनीक से जुड़ने का आह्वान किया। फुटवियर उद्यमी ओपेन्दर सिंह लवली ने कहा कि टैक्स वसूली के नाम पर उत्पीड़न रोका जाए। जीएसटी अधिकारी अभिभावक के रूप में व्यापारियों का मार्गदर्शन करें। 
________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments