आगरा में फिर महंगी हुई सीएनजी, दाम 108 रुपये पहुंचे, छह महीने में 12.25 रुपये बढ़े

आगरा, 01 नवम्बर। महंगाई की मार झेल रहे लोगों को एक और झटका लगा है। जिले में आज एक नवंबर की सुबह से सीएनजी के दाम फिर बढ़ा दिए गए हैं। सीएनजी के रेट अब स्पीड पेट्रोल के करीब पहुंच गए हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार तक आगरा में सीएनजी 107 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही थी। रविवार सुबह से इसमें एक रुपये की बढ़ोत्तरी कर दी गई है। अब शहर के सभी 32 सीएनजी पंपों पर 108 रुपये प्रति किलो के हिसाब से सीएनजी मिल रही है। ग्रीन गैस लिमिटेड के विपणन अधिकारी किशन सिंह ने इस बढ़ोत्तरी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि वैश्विक स्तर पर ईंधन के दामों में वृद्धि और डॉलर मूल्यों में उथल-पुथल के कारण यह वृद्धि करनी पड़ी है।
छह महीने में 12.25 रुपये बढ़े दाम
सीएनजी के दामों में पिछले छह महीनों में लगातार इजाफा हुआ है। छह महीने पहले आगरा में सीएनजी का रेट 95.25 रुपये प्रति किलो था। अब यह बढ़कर 108 रुपये हो गया है, यानी महज आधे साल में 12.25 रुपये प्रति किलो की बढ़ोत्तरी हो चुकी है।
पहले लोग पेट्रोल के मुकाबले सीएनजी को सस्ता विकल्प मानते थे, लेकिन लगातार बढ़ोत्तरी के बाद अब सीएनजी सामान्य पेट्रोल से भी महंगी हो चुकी है और स्पीड पेट्रोल के रेट के करीब पहुंच गई है। इससे सीएनजी वाहन होने का फायदा लगभग खत्म होता जा रहा है।
65 हजार वाहन चालकों की जेब पर असर
आगरा में करीब 65 हजार सीएनजी वाहन हैं, जिनमें ऑटो रिक्शे, टैक्सी, कैब और निजी कारें शामिल हैं। दाम बढ़ने से इन सभी की जेब पर सीधा असर पड़ेगा। ऑटो रिक्शा चालकों का कहना है कि सीएनजी महंगी होने से उनकी दैनिक कमाई घट गई है, लेकिन किराया नहीं बढ़ा पा रहे हैं। वहीं आम कार चालक भी अब पेट्रोल और सीएनजी के दाम में ज्यादा अंतर न होने से परेशान हैं।
_______________________________________




ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments