सराय ख्वाजा में बुजुर्ग दंपति ने फांसी लगाकर दी जान, घर में मचा कोहराम
आगरा, 01 नवम्बर। थाना शाहगंज क्षेत्र के सराय ख्वाजा इलाके में शनिवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। वर वाली गली में रहने वाले करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग दंपति ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक ही घर में पति-पत्नी के शव मिलने से पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई।
मृतकों की पहचान शेरू और उनकी पत्नी के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि पति शेरू का शव घर में बनी छोटी सी दुकान में फंदे पर लटका मिला, जबकि उनकी पत्नी का शव घर के अंदर कमरे में लटका मिला। दोनों ने देर रात जब सभी सो गए थे, तब यह कदम उठाया।
सुबह जब परिजनों की नजर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। एक साथ दो मौतों से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर सराय ख्वाजा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पारिवारिक, आर्थिक या स्वास्थ्य कारणों समेत सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।
__________________________________________

Post a Comment
0 Comments