महिला डॉक्टर का पीछा कर फोटो खींचने और फर्जी आईडी बनाने का आरोप, मनचले के खिलाफ केस

आगरा, 31 अक्टूबर। शहर में एक महिला चिकित्सक का मनचले ने घर से निकलना मुश्किल कर दिया है। आरोपी पर लगातार पीछा करने, मोबाइल फोन से फोटो खींचने और फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर परेशान करने का आरोप है। पीड़िता की शिकायत पर जगदीशपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आवास विकास कॉलोनी निवासी पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह पेशे से डॉक्टर हैं और उनका निजी क्लीनिक है। उन्होंने आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-11 निवासी सुशांत के खिलाफ तहरीर दी है।
पीड़िता के अनुसार, बीती रात करीब आठ बजे वह अपने क्लीनिक से कार से घर लौट रही थीं। इसी दौरान आरोपी ने रास्ते में उनकी कार का पीछा किया और पास आकर गाड़ी रुकवाने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। किसी तरह वह वहां से निकलकर घर पहुंचीं।
पीड़िता का आरोप है कि यह पहली घटना नहीं है। आरोपी पिछले कई दिनों से लगातार उनका पीछा कर रहा है। वह राह चलते मोबाइल से उनकी फोटो खींचता है और सोशल मीडिया पर फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। इस हरकत से वह मानसिक रूप से परेशान हैं और अकेले घर से निकलने में डर महसूस कर रही हैं।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने मीडिया को बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।
_______________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments