UP PET परीक्षा के चलते कल बंद रहेंगे आगरा के सभी माध्यमिक विद्यालय, 49 केंद्रों पर होगी परीक्षा
आगरा, 29 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) के चलते शुक्रवार 30 अक्टूबर को जिले के सभी माध्यमिक विद्यालय बंद रहेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्र पाल सिंह तोमर ने शैक्षणिक अवकाश घोषित किया है।
आदेश के अनुसार सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूल, राजकीय-अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों के साथ सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्ड के स्कूल भी बंद रहेंगे। हालांकि शिक्षकों और कर्मचारियों की छुट्टी नहीं रहेगी।
इस बीच जिला सूचना अधिकारी शीलेन्द्र कुमार शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह आदेश माध्यमिक शिक्षा विभाग के शैक्षिक संस्थानों के लिए है, बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक/जूनियर स्कूलों पर लागू नहीं हैm
खबरों के अनुसार, जिले में PET के लिए 49 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी, पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक। परीक्षा एक नवंबर को भी आयोजित होगी।
प्रदेश में 60 जिलों में PET-2026 परीक्षा हो रही है। आयोग अध्यक्ष डॉ. एसएन साबत के मुताबिक करीब 35 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। पहले दिन 25 अक्टूबर को 60 जिलों के 1,372 केंद्रों पर 11.80 लाख में से 8.21 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे, उपस्थिति 69.63% रही थी। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड और आधार कार्ड साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।
________________________________

Post a Comment
0 Comments