करवाचौथ की खरीदारी कर लौट रही थी महिला, तेज रफ्तार कार ने छीनी मां-बेटे की जान

आगरा, 29 अक्टूबर। करवाचौथ के त्योहार से एक दिन पहले सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। व्रत का सामान लेकर पति और दो बच्चों के साथ लौट रही महिला को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला और उसके दो साल के मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। कार चालक टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया।
हाईवे पार करते समय हुआ हादसा
घटना गुरुवार दोपहर करीब एक बजे दिल्ली-आगरा हाईवे पर अरतौनी के पास हुई। मृतका की पहचान अरतौनी निवासी अंजू पत्नी आकाश के रूप में हुई। बताया गया है कि अंजू अपने पति आकाश और दोनों बच्चों के साथ करवाचौथ का सामान खरीदने गई थीं। लौटते समय परिवार हाईवे पर उतरा और रेलिंग पार कर सड़क क्रॉस कर रहा था। इसी दौरान मथुरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने अंजू और दोनों बच्चों को चपेट में ले लिया।
मां और मासूम की मौत, बेटी घायल
टक्कर इतनी भीषण थी कि अंजू और दो वर्षीय बेटे अंश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पांच वर्षीय बेटी आकांक्षा गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों ने घायल बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। त्योहार की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से परिवार में मातम छा गया है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments