आगरा में गोडसे के तर्पण कार्यक्रम पर हंगामा, हिंदू महासभा के कार्यकर्ता हिरासत में

आगरा, 02 अक्टूबर। गांधी जयंती पर गोडसे के तर्पण को लेकर शहर में विवाद गहरा गया। यमुना किनारे बिना अनुमति कार्यक्रम करने पहुंचे हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जिसके बाद मौके पर हंगामा भी हुआ।
अखिल भारतीय हिंदू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजय (अज्जू) चौहान और जिलाध्यक्ष मीरा राठौर शुक्रवार को 10 से 15 कार्यकर्ताओं के साथ बेलनगंज स्थित यमुना आरती स्थल पर तर्पण सामग्री लेकर पहुंचे थे।
मौके पर पहले से तैनात पुलिस ने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम की अनुमति मांगी। पुलिस के अनुसार, कोई अनुमति नहीं थी। वापस जाने को कहने पर कार्यकर्ता कार्यक्रम करने पर अड़े रहे, जिसके बाद पुलिस और कार्यकर्ताओं में नोकझोंक हो गई। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने उनके हाथों से तर्पण सामग्री छीन ली। इसके बाद पुलिस सभी को बाइक और जीप से थाने ले गई।
बता दें कि अज्जू चौहान ने दो अक्टूबर को गोडसे के तर्पण और श्रद्धा कार्यक्रम का ऐलान कर शहर में पोस्टर लगाए थे। गांधीवादी संगठनों ने इसका विरोध कर पोस्टर हटाने की मांग की थी। तनाव को देखते हुए पुलिस ने गुरुवार रात पोस्टर हटवा दिए और शुक्रवार सुबह से यमुना किनारे व प्रमुख चौराहों पर फोर्स तैनात कर दी।
जिलाध्यक्ष मीरा राठौर ने कहा, "नाथूराम गोडसे हमारे शहीद और रोल मॉडल हैं। हम उनकी श्रद्धा करने आए थे, लेकिन पुलिस हमें परेशान कर रही है।"
पुलिस का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिना अनुमति किसी भी कार्यक्रम की इजाजत नहीं दी जाएगी। फिलहाल यमुना आरती स्थल पर स्थिति शांत है।
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments