हादसा: आगरा के कालिंदी विहार में सड़क किनारे चलती युवतियों को डीसीएम ने रौंदा, एक की मौत, दो गम्भीर घायल
आगरा, 16 अक्टूबर। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के कालिंदी विहार में आज शुक्रवार की रात गम्भीर हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार मिनी ट्रक (डीसीएम) ने सड़क किनारे पैदल चल रहीं चार युवतियों को चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवती की मौत हो गई। दो अन्य युवतियां गंभीर रूप से घायल हैं। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा रात्रि करीब नौ बजे हुआ। कालिंदी विहार एच ब्लाक की रहने वाली खुशबू जुरैल (22) अपनी बहन भूमि (18), पड़ोसी युवती शिखा कुशवाह के साथ अपनी सहेली निशा चौधरी (20) निवासी गोविंद कॉलोनी को छोड़ने आई थीं। सभी सड़क किनारे पैदल चल रही थीं। तभी तेज रफ्तार डीसीएम आई। उसने इन युवतियों को चपेट में ले लिया। खुशबू डीसीएम के साथ घिसटती गई, जबकि शिखा और निशा टक्कर से दूर जाकर गिरीं।
इसके बाद डीसीएम दूसरे वाहन से टकरा गई। हादसे के बाद राहगीरों ने डीसीएम चालक को पकड़ लिया। क्षेत्रीय लोग युवतियों को अस्पताल ले गए, जहां खुशबू की मौत हो गई, जबकि शिखा और निशा गंभीर रूप से घायल हैं।एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पड़ताल की जा रही है।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments