रतनपुरा में रातों-रात चले बुलडोजर से बेघर हुए पांच परिवारों का नगर निगम में हंगामा
आगरा, 17 अक्टूबर। गरीब नगर रतनपुरा क्षेत्र में नगर निगम की बुलडोजर कार्रवाई को लेकर शनिवार को नगर निगम मुख्यालय में जमकर हंगामा हुआ। हाल ही में निगम प्रशासन द्वारा रातों-रात पांच मकानों को ढहा दिए जाने के बाद बेघर हुए परिवार महिला, बच्चों सहित अपनी फरियाद लेकर नगर निगम पहुंचे। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष अमित सिंह भी उनके साथ थे। अपर नगर आयुक्त ने पूरे मामले की जांच का आश्वासन दिया।
पीड़ितों का आरोप है कि कार्रवाई से पहले नगर निगम ने उन्हें कोई कारण बताओ नोटिस जारी नहीं किया। न ही अपना पक्ष रखने या सामान निकालने का मौका दिया गया। रात में अचानक पहुंची टीम ने बुलडोजर चलाकर उनके पक्के मकान जमींदोज कर दिए। इससे घरों में रखा अनाज, बर्तन, कपड़े और जरूरी दस्तावेज सब मलबे में दबकर नष्ट हो गए। अब ये परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
अधिकारियों से तीखे सवाल
नगर निगम पहुंचे पीड़ितों ने अधिकारियों से सीधे सवाल दागे - किस नियम और किस अधिकारी के लिखित आदेश पर कार्रवाई की गई? यह जमीन किस विभाग की है और अवैध कैसे घोषित हुई? जब शहर भर में सरकारी जमीन और नालियों पर बड़े-बड़े अवैध निर्माण हैं, तो सिर्फ गरीब नगर रतनपुरा के 4-5 गरीब परिवारों को ही क्यों निशाना बनाया गया?
पीड़ितों ने कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह पक्षपातपूर्ण है। बड़े अवैध कब्जों पर निगम आंख मूंद लेता है और गरीबों पर रातों-रात बुलडोजर चला देता है।
जांच और मुआवजे की मांग
परिवारों ने नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, पुनर्वास और हुए नुकसान के मुआवजे की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक उन्हें कार्रवाई का लिखित और न्यायसंगत जवाब नहीं मिलता, तब तक वे नगर निगम के चक्कर काटते रहेंगे और जरूरत पड़ी तो जिलाधिकारी से भी शिकायत करेंगे।
_____________________________________
Post a Comment
0 Comments