खेरिया मोड़ पुल बंद होने से जाम के हालात, तीन महीने तक झेलनी होगी परेशानी
आगरा, 17 अक्टूबर। खेरिया मोड़ पुल को मरम्मत के लिए शुक्रवार की रात बंद कर दिए जाने के बाद शनिवार की सुबह से ही बड़ी संख्या में लोगों को आवागमन में दिक्कत और भारी जाम का सामना करना पड़ा।
आरओबी बंद होने से खेरिया मोड़, अर्जुन नगर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव बढ़ गया। यहां ख्वाजा की सराय, अर्जुन नगर, अवधपुरी, अजीत नगर, शिव नगर, कमाल खां, नरीपुरा, धनौली, मलपुरा, अकोला, खेरागढ़, जगनेर, कागारौल, तांतपुर आदि जगहों से लोगों का आवागमन होता है। इसके अलावा ईदगाह, नामनेर, माल रोड, ग्वालियर रोड, एमजी रोड, फतेहाबाद, शमसाबाद, रोहता, मधुनगर, राजपुर चुंगी के लिए इसी आरओबी से रास्ता निकलता है।
बता दें कि ईदगाह बस स्टैंड से आगे खेरिया मोड़ अर्जुन नगर रेल ओवर ब्रिज आरओबी से होकर हर रोज लाखों लोग जाते हैं। यह ब्रिज 50 साल पुराना है रेलवे आरओबी का नवनिर्माण किया जाना है इसके लिए शुक्रवार की देर रात एक बजे के बाद आरओबी को बंद कर दिया गया। तीन महीने तक वाहन वैकल्पिक मार्ग से होकर जाएंगे। पुल की निर्धारित आयु पूरी होने के चलते रेल प्रशासन द्वारा इसका निर्माण कराया जा रहा है।
रेल प्रशासन द्वारा दोनों ओर बैरिकेडिंग करके अजीत नगर गेट और ईदगाह चौराहे की ओर से आने वाले वाहनों को रोक दिया। इन सभी वाहनों का वैकल्पिक मार्ग बारह खंभा रेलवे फाटक से होकर निकाला गया।
शहर में पहले से ही मेट्रो और सीएम ग्रिड की योजनाओं के काम से जाम की स्थिति है। अब आरओबी के बंद होने से जाम की परेशानी और बढ़ गई है।
यातायात को अर्जुन नगर से छउआ नगला की ओर डायवर्ट किया गया है। वैकल्पिक मार्ग के बेहद जर्जर होने से करीब 2.5 से 3 लाख की आबादी को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। क्षेत्रीय निवासी सुशील नोतनानी ने बताया कि पिछली बार पुल बंद होने पर प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग ठीक कराया था, लेकिन इस बार रास्ता बदहाल है। पुल बंद होने से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन जाने वाले हजारों यात्रियों को ट्रेन छूटने का डर बना है। खेरिया एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को फ्लाइट पकड़ने के लिए 3 घंटे पहले निकलना पड़ रहा है। अर्जुन नगर में अस्पताल होने से एम्बुलेंस और मरीजों को अस्पताल पहुंचने में दिक्कत हो रही है। स्कूली बच्चों की बसें घंटों जाम में फंस रही हैं। सब्जी मंडी आने वाले व्यापारियों की आवाजाही ठप होने से कारोबार भी प्रभावित हुआ है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि अर्जुन नगर से छउआ नगला वैकल्पिक मार्ग को तत्काल दुरुस्त किया जाए और ट्रैफिक मैनेजमेंट लागू किया जाए।
___________________________
Post a Comment
0 Comments