रंगोदय में देशभर के आर्टिस्ट से सजेगी लघु भारत की झांकी, मणिपुर और जम्मू कश्मीर से भी आएंगे कलाकार
आगरा, 13 अक्टूबर। संस्कार भारती नाट्य केंद्र द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी राष्ट्रीय नाट्य एवं नृत्य महोत्सव और प्रतियोगिता 'रंगोदय' का आयोजन अवधपुरी कॉलोनी स्थित मिल्टन पब्लिक स्कूल के प्रांगण में किया जा रहा है। 22 से 26 अक्टूबर तक चलने वाले इस महोत्सव के दौरान बनाए जा रहे 'रंगग्राम' में लघु भारत की भव्य झांकी दिखाई देगी।
महोत्सव में हिस्सा लेने के लिए देशभर के विभिन्न प्रांतों के सैकड़ों वरिष्ठ और नौजवान रंगकर्मी, लोक एवं शास्त्रीय नृत्य कलाकार आगरा आ रहे हैं। देश की चारों दिशाओं की सांस्कृतिक सुगंध से समूचा रंगग्राम महक उठेगा।
दिल्ली गेट से शहीद स्मारक तक निकलेगी भव्य रंगयात्रा
मंगलवार की शाम दिल्ली गेट स्थित एक रेस्टोरेंट के सभागार में पोस्टर विमोचन और प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। डॉ. प्राची राज ने बताया कि महोत्सव के समापन की पूर्व वेला में भव्य रंगयात्रा कलाकारों के दलों द्वारा दिल्ली गेट से शहीद स्मारक तक निकाली जाएगी। यह रंगयात्रा आगरा की सड़कों पर सुंदर सांस्कृतिक रंगत बिखेरते हुए आम जनमानस को भारत की विविधता में एकता के दर्शन कराएगी।
पांच दिन तक गुलजार रहेगा रंगग्राम
संस्कार भारती नाट्य केंद्र के अध्यक्ष पंकज सक्सेना ने बताया कि 22 अक्टूबर को शाम 5 बजे स्कूल के ज्योति जगदीश प्रेक्षागृह में रंगग्राम और महोत्सव का उद्घाटन होगा। इसके बाद शाम 6 बजे से नाटक प्रतियोगिता का उद्घाटन होगा। 23 से 25 अक्टूबर तक रोजाना सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक नृत्य और शाम 5 बजे से नाट्य प्रतियोगिताएं होंगी।
24 अक्टूबर की रात कैंप फायर होगा, जिसमें हंसी-ठिठोली भरे माहौल में कलाकार रातभर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। 26 अक्टूबर को सुबह 10 बजे दिल्ली गेट से भव्य रंग जुलूस शुरू होगा, जो बाग फरजाना, सूरसदन, संजय प्लेस होते हुए शहीद स्मारक पर संपन्न होगा। शाम 6 बजे भव्य समापन समारोह में विजेता कलाकारों को पुरस्कृत किया जाएगा।
मणिपुर और जम्मू कश्मीर से भी आ रहे हैं दल
महोत्सव संयोजक अजय दुबे ने बताया कि इस वर्ष विषम परिस्थितियों से जूझ रहे मणिपुर और जम्मू-कश्मीर से भी कलाकारों के दल आ रहे हैं, जो इस महोत्सव का बड़ा आकर्षण है। नाट्य दलों में जम्मू कश्मीर के राजौरी से रंगमंच थियेटर ग्रुप, दिल्ली से ड्रामार्टजी, शिवायु ड्रामेटिक सोसाइटी, बैतूल से कोशिश सोशल कल्चरल वेलफेयर सोसाइटी, जमशेदपुर से गीता थिएटर, झारखंड सांस्कृतिक मंच, मुंबई से बीइंग कलाकार, जयपुर से ताम्हणकर थिएटर एकेडमी, राउरकेला से पंचतत्व, भिलाई से सत्य नाट्य, गुवाहाटी से तक्षशिला, झांसी से तरकश, कानपुर से नाट्य वस्तु, वाराणसी से मंचदूतम, बरेली से माधव रंगमंडल सहित कई दल शामिल हैं।
नृत्य दलों में मुंबई से चंद्रकांत पाटकर विद्यालय, इंदौर से ध्रुपद डोस एकेडमी, जबलपुर से नूपुर कथक डांस एकेडमी, मणिपुर के इम्फाल से गुरु अभंगाल डांस म्यूजिक सेंटर, अजमेर से नृत्यांगन कथक कला केन्द्र, गुवाहाटी से सुरेंद्र संगीत महाविद्यालय सहित कई दल प्रस्तुतियां देंगे।
संरक्षक डॉ. महेश चंद्र धाकड़ ने बताया कि सभी कार्यक्रमों में दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा। समापन पर सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षिक और सामाजिक क्षेत्र की विभिन्न शख्सियतों का मंच पर सम्मान किया जाएगा। इस दौरान वाणी, दीपक जैन आदि भी उपस्थित रहे।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments