किरावली में फूड पॉइजनिंग से एक ही परिवार के पांच लोग अचेत, पांच वर्षीय बच्चे की मौत
आगरा, 13 अक्टूबर। तहसील किरावली के वार्ड नंबर 10 में सोमवार सुबह फूड पॉइजनिंग से एक ही परिवार के पांच लोग घर में अचेत मिले। परिजनों ने उन्हें बाइक ट्रॉली से सीएचसी किरावली पहुंचाया, जहां से उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उपचार के दौरान पांच वर्षीय जीशान उर्फ गोलू की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्यों को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है।
बताया गया है कि हुसैन पुत्र नूरखान मूल रूप से धंतूरी महोआ, राजस्थान के रहने वाले हैं और किरावली में अपनी ससुराल में किराए पर रहकर मजदूरी करते हैं। रविवार रात परिवार ने मोहल्ले में जागरण देखने के बाद घर में चावल-आलू की सब्जी खाई और चाय पी थी। सोमवार सुबह देर तक न जागने पर पड़ोसियों ने घर जाकर देखा तो सभी अचेत पड़े थे।
एमओआईसी किरावली डॉ. राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है। परिजन नोशाद और गुलाब साय के अनुसार अन्य चार सदस्यों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर रेफर किया गया है। मृतक जीशान के शव को पैतृक गांव धंतूरी महोआ ले जाया गया है। घर पर ताला लगा है।
सूचना पर चौकी इंचार्ज किरावली अनुराग ने मौके पर पहुंचकर पड़ोसियों से जानकारी जुटाई।
_________________________
Post a Comment
0 Comments