एत्मादपुर डिपो से पेट्रोल-डीजल ले जा रहा टैंकर दुर्घटनाग्रस्त, टैंक फटने से हाईवे पर बहा तेल, ड्रम-बाल्टी लेकर दौड़े लोग

आगरा, 03 अक्टूबर। एत्मादपुर के निकट हाईवे स्थित फतेह सिंह की पुलिया पर फिरोजाबाद की ओर से आगरा जा रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने शनिवार की सुबह टैंकर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से टैंकर का टैंक फट गया और उसमें भरा हजारों लीटर तेल हाईवे पर बहने लगा।
तेल का रिसाव होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आसपास के ग्रामीण और हाईवे से गुजर रहे लोग ड्रम, बाल्टी, कैन लेकर मौके पर पहुंच गए और सड़क पर बह रहे तेल को भरने की होड़ लग गई। इससे हाईवे पर जाम की स्थिति भी बन गई और बड़ा हादसा होने का खतरा पैदा हो गया।
सूचना पर एत्मादपुर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तेल से दूर कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर आसपास बीड़ी-सिगरेट जलाने और आग से बचने की चेतावनी दी।
टैंकर परिचालक शिवदत्त का कहना है कि वह एत्मादपुर डिपो से करीब तीन हजार लीटर पेट्रोल और नौ हजार लीटर डीजल लेकर रसूलाबाद जा रहे थे। फतेह सिंह की पुलिया के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी। तेल का हिसाब होने के बाद करीब तीन से चार लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। 
_______________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments