बायो प्लास्टिक का उपयोग नॉन लैदर फुटवियर में भी करें - मनोज कुमार सिंह। || तीन दिवसीय 18वें मीट एट आगरा का उद्घाटन, वीरेंद्र कुमार महाजन को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड
आगरा, 03 अक्टूबर। स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मनोज कुमार सिंह ने शनिवार को यहां कहा कि ऑटोमेशन और ए आई का उपयोग करके फुटवियर उद्योग में व्यापार में असीम संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने बायो प्लास्टिक को लेकर नीति बनाई गई और उसे लागू किया है। बायो प्लास्टिक प्लांट लगाए जा रहे हैं। बायो प्लास्टिक का उपयोग नॉन लैदर फुटवियर में भी किया जा सकता है।
वे एफमेक द्वारा आयोजित तीन दिवसीय 18वें मीट एट आगरा के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मनोज कुमार सिंह ने कहा कि नॉन लैदर फुटवियर की काफी संभावनाएं हैं, फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स को इस दिशा में प्रयास करने चाहिए।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की इकोनॉनो में 25 प्रतिशत एमएसएमई का योगदान है, जिसमें आगरा की प्रमुख भूमिका है। यहां से अधिकतम निर्यात यूरोप को होता है। अमेरिका से भी व्यापार बढ़ाने की जरूरत है। आगरा घरेलू बाजार में देश का सबसे बड़ा जूता निर्माता है। इसे और बढ़ाने की आवश्यकता है।
दोहरे मापदंडों को छोड़ना होगा-पूरन डावर
एफमेक के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान संयोजक पूरन डावर ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यदि व्यापार को ऊंचाई तक ले जाना है तो दोहरे मापदंडों को छोड़ना होगा। निर्यात के लिए अलग और घरेलू के लिए अलग मापदंड नहीं चल सकते।
उन्होंने कहा कि आगरा के उद्यमी टीटीजेड के कारण उत्तर प्रदेश सरकार की फुटवियर नीति का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। विद्युत कनेक्शन मिलने में भी दिक्कतें आ रही हैं। ऐसी ही अन्य रुकावटें भी दूर करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि फुटवियर उद्योग को वर्ष 2030 तक पचास मिलियन तक ले जाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि पहले इटली के गार्डा फुटवियर मेले में वर्ष 1992-93 तक दो कंपनियां आगरा से जाती थीं, वर्ष 1998 में एफमैक का गठन होने के बाद साथ कंपनियां पहुंचने लगीं। एफमैक आगरा की फुटवियर की वैश्विक राजधानी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। पचास से अधिक कंपनियों से व्यापार समझौता हो चुका है, अन्य से भी प्रयास जारी हैं। उन्होंने फुटवियर निर्माण की शिक्षा नई पीढ़ी को देने पर भी जोर दिया।
चीन से भी व्यापारी आए, दो सौ स्टॉल-गोपाल गुप्ता
इससे पूर्व एफमैक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने स्वागत भाषण में बताया कि इस बार चीन से भी व्यापारी इस मेले में भाग ले रहे हैं। मेले में दो सौ से अधिक एक्जीबिटर भाग ले रहे हैं। उन्होंने एफमैक की ओर से सभी का स्वागत भी किया।
वीरेंद्र कुमार महाजन को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड
इस अवसर वीरेंद्र कुमार महाजन को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। आंत्रप्रेन्योर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड मीनाक्षी कलसी को दिया गया। यंग आंत्रप्रेन्योर ऑफ द ईयर अवॉर्ड तान्या निझारा को दिया गया। बेस्ट वुमन आंत्रप्रेन्योर ऑफ द ईयर श्वेता आर्या को दिया गया। पुरुष आंत्रप्रेन्योर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड उज्जवल सचदेवा को दिया गया।
निर्यात श्रेणी में श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए गुप्ता एच सी ओवरसीज के अभय, चेतन और अर्पित गुप्ता को प्रथम पुरस्कार दिया गया। द्वितीय पुरस्कार मेट्रो एंड मेट्रो के अजीत कलसी को और तृतीय पुरस्कार लाइनर शूज के गौतम खेरा को दिया गया।
डायरेक्टरी का विमोचन
समारोह में आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्ट चैंबर की डायरेक्टरी का भी विमोचन किया गया। इस दौरान समारोह में मौजूद युवा उद्यमियों को भी मंच पर बुलाया गया और उनसे डायरेक्टरी से प्रेरणा लेने का अनुरोध किया गया।
इन्होंने किया स्वागत
प्रारंभ में पूर्व अध्यक्ष कैप्टन ए एस राणा, संयोजक पूरन डावर और अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने मुख्य अतिथि मनोज कुमार का स्वागत किया। अतुल कुमार मिश्रा, अतुल मिश्रा, सी एल ई के उपनिदेशक आर के शुक्ला ने भी अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान राजेश सहगल, राजीव वासन, प्रदीप वासन, माला खेड़ा, ओपेन्दर सिंह लवली, संजय गुप्ता आदि भी मंचासीन रहे। समारोह का संचालन आलोक श्रीवास्तव ने किया और व्यवस्थाएं अजय शर्मा और बृजेश शर्मा ने संभाली।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments