आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर कंटेनर-डंपर में भिड़ंत के बाद भीषण आग, दो जिंदा जले

आगरा, 03 अक्टूबर। आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर शनिवार की सुबह हुए भीषण हादसे ने रूह कंपा दी। कंटेनर और डंपर की आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों गाड़ियों में भीषण आग लग गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में डंपर चालक और क्लीनर जिंदा जल गए, उनके शव सीट से चिपके मिले और सिर्फ हड्डियां बचीं। कंटेनर चालक और पीछे से आ रहे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए।
बताया गया है कि हादसा सुबह करीब 5:45 बजे खंदौली थाना क्षेत्र में हुआ। गिट्टी लदा डंपर अलीगढ़ से आगरा की ओर जा रहा था, जबकि फ्रोजन मटर लदा कंटेनर सामने से आ रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि धमाके जैसी आवाज आई और तेज धुआं उठने लगा। देखते ही देखते दोनों गाड़ियों ने आग पकड़ ली और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।
डंपर के पीछे चल रहे बाइक सवार सुमित सिंह और सीटू निवासी नगला जालिम, खंदौली भी टक्कर की चपेट में आ गए। दोनों सब्जी मंडी सादाबाद से लौट रहे थे। सुमित ने बताया कि आगे चल रहे डंपर ने अचानक ब्रेक लगाया और वे उससे टकरा गए।
कंटेनर चालक फतेहाबाद के मुबारकपुर निवासी शिवराम ने बताया कि वह चंदौसी से गुजरात जा रहा था। अचानक डंपर सामने आ गया। ब्रेक लगाकर मोड़ने की कोशिश की, लेकिन डंपर साइड से भिड़ गया। आग लगते ही वह कूदकर बाहर निकल आया। उसके पैर और सिर में चोट आई है। जबकि डंपर में फंसे चालक-क्लीनर बाहर नहीं निकल सके।
सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान हाईवे पर पांच किमी लंबा जाम लग गया। क्रेन से जली गाड़ियों को हटाकर ट्रैफिक बहाल किया गया। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में नींद की झपकी से हादसा होना सामने आया है, मृतकों की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments