चोरी का अजब तरीका, टोलियों में घूमने वाले छह अंतरराज्यीय चोर आगरा में पकड़े गए
आगरा, 16 अक्टूबर। कमिश्नरेट पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह जानवरों की आवाज निकालकर साथियों को संकेत दिया करता था। गिरोह के सदस्य उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
पुलिस उपायुक्त पश्चिमी आदित्य कुमार ने शुक्रवार को मीडिया को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थाना कागारौल पुलिस, साइबर सर्विलांस, काउंटर इंटेलिजेंस, एसओजी एवं सर्विलांस (पश्चिमी जोन) की संयुक्त कार्यवाही में थाना अछनेरा, कागारौल एवं किरावली क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले 06 शातिर अंतरराज्यीय अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
गिरोह में करीब 20 लोग शामिल हैं, जो पांच-पांच की टोली बनाकर गांवों में चोरी करते थे। एक बार में दो से अधिक घरों को निशाना बनाते थे। वे देहात और दूसरे जिलों की सीमा से सटे गांवों में किराये की कार से पहुंचते थे और जानवरों की आवाज निकालकर साथियों को संकेत देते थे। गिरोह गाजियाबाद, गोरखपुर और हरियाणा के विभिन्न जिलों में भी वारदात कर चुका है। मास्टरमाइंड पर 15 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी भी बरामद की गई। इनमें 01 गले का हार, 04 अंगूठियां, 01 गले की चेन, 02 जोड़ी टॉप्स, 02 जोड़ी कुण्डल (पीली धातु), 04 जोड़ी पायल, 08 जोड़ी बिछुए (सफेद धातु), बिना नंबर प्लेट की 01 कार एवं ₹9,000/- नकद शामिल हैं।
_____________________________________
Post a Comment
0 Comments