आगरा में गांधी- शास्त्री जयंती पर हुए विविध आयोजन

स्वच्छता रैली को सांसद नवीन जैन ने दिखाई हरी झंडी
आगरा, 02 अक्टूबर। गांधी जयंती पर सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को जिला गंगा समिति और वन विभाग ने ताज नेचर वॉक से दशहरा घाट तक स्वच्छता जनजागरूकता रैली, पौधरोपण और श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया।
रैली को राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने ताज नेचर वॉक से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के साथ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान, विधायक जी.एस. धर्मेश, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, क्लीन आगरा संस्था के सदस्य और रॉय विद्या मंदिर बमरौली कटारा के छात्र-छात्राएं दशहरा घाट पहुंचे।
दशहरा घाट यमुना तट पर सांसद नवीन जैन, बबीता चौहान और विधायक धर्मेश ने पौधरोपण किया। इसके बाद सभी ने यमुना तट पर स्वच्छता अभियान के तहत श्रमदान कर सफाई की।
कार्यक्रम में यमुना तट स्वच्छता हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें छात्रों और उपस्थित लोगों ने स्वच्छ यमुना, स्वच्छ आगरा की शपथ ली और हस्ताक्षर किए।
________________________________________
कलक्ट्रेट में गांधी-शास्त्री को डीएम ने अर्पित की श्रद्धांजलि
आगरा, 02 अक्टूबर। जिला कलक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती ससम्मान मनाई गई। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ की रामधुन गाई और दोनों नेताओं के जीवन व आदर्शों को याद किया। जिलाधिकारी ने सभी जनपदवासियों को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस की शुभकामनाएं दीं। 
कार्यक्रम में एडीएम नगर यमुनाधर चौहान, एडीएम प्रोटोकॉल अमरेंद्र कुमार, एडीएम वित्त संदीप वर्मा, एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह, एडीएम आपूर्ति प्रशांत कुमार, एडीएम नमामि गंगे जुहैर बेग, सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला, एसडीएम ताज सुरक्षा संतोष शुक्ला समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
________________________________________
दीवानी में ‘बड़ा खाना’, जवानों को प्रभारी ने परोसा भोजन
आगरा, 02 अक्टूबर। गांधी और शास्त्री जयंती के मौके पर दीवानी जनपद न्यायालय परिसर में यूपीएसएसएफ ने श्रद्धा और सेवा का संदेश दिया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया और सत्य, अहिंसा व कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के बाद पुलिस की परंपरा के अनुसार ‘बड़ा खाना’ आयोजित हुआ, जिसमें यूपीएसएसएफ के अधिकारी-जवानों के साथ दीवानी न्यायालय के कर्मचारी भी शामिल हुए और एक साथ भोजन किया। इस दौरान यूपीएसएसएफ प्रभारी मुकेश कुमार ने स्वयं जवानों को अपने हाथों से भोजन परोसा, जिससे पुलिस परिवार में आपसी सम्मान और भाईचारे की झलक दिखी। गंगा सागर, विजय धामा, पुष्पेंद्र, प्रह्लाद सिंह, महाराज सिंह, अनिरुद्ध छौंकर, सोनवीर सिंह, रणधीर सिंह, राहुल सरस्वत, अंकित राणा मौजूद रहे।
________________________________________
कुष्ठ रोगियों को फल और दवाएं बांटीं
आगरा, 02 अक्टूबर। गांधी जयंती पर जिला कुष्ठ अधिकारी की न्यूक्लियस टीम ने गांधी कुष्ठ आश्रम और कुष्ठ सेवा सदन ताजगंज में सेवा कार्यक्रम किया।
टीम ने कुष्ठ से दिव्यांग हुए रोगियों को फलों का वितरण किया। साथ ही उनका सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण और काउंसलिंग की गई। जरूरत के अनुसार दवाएं, बैंडेज, गॉज और कॉटन भी बांटा गया। टीम में जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. जितेंद्र लवानिया, उप जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. वीनम चतुर्वेदी, चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष गुप्ता, फिजियोथेरेपिस्ट सुनील कुमार और एनएमएस मनीष यादव मौजूद रहे।
________________________________________
यूथ हॉस्टल में स्वच्छता और श्रद्धांजलि कार्यक्रम
आगरा, 02 अक्टूबर। MY Bharat और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से गांधी जयंती पर यूथ हॉस्टल में कार्यक्रम हुए।
शुरुआत स्वच्छता अभियान से हुई, जिसमें युवाओं ने हॉस्टल के आसपास सफाई की। इसके बाद संजय प्लेस स्थित शहीद स्मारक पार्क में क्रांतिकारियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई।
यूथ हॉस्टल में मुख्य कार्यक्रम में ग्रामोद्योग मंत्री शंभूनाथ चौबे ने कहा कि सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का गांधी जी का संदेश आज भी प्रासंगिक है। जिला युवा अधिकारी डॉ. श्रवण सहगल ने युवाओं से गांधी जी के विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में भजन और गीतों की प्रस्तुति हुई, संचालन कनक चौहान और अर्शिया हाशमी ने किया।
________________________________________
काव्य गोष्ठी, बापू के मार्ग पर चलने का संकल्प
आगरा, 02 अक्टूबर। लेप्रोसी पेशेंट वेलफेयर सोसाइटी की ओर से गांधी जयंती पर कुष्ठ सेवा सदन ताजगंज में ‘महात्मा गांधी एवं स्वच्छता’ पर काव्य गोष्ठी हुई। अध्यक्षता डॉ. ए.एस. सचान और कवि राजेंद्र मिलन ने की।
गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण के बाद कवियों ने रचनाएं सुनाईं। मुख्य अतिथि मधु बघेल ने बापू को सत्य-अहिंसा का अग्रदूत बताया। डॉ. गिरधर शर्मा ने कहा स्वच्छ भारत अभियान गांधी जी से प्रेरित है।कार्यक्रम में कुष्ठ रोगियों को खादी वस्त्र दिए गए। संचालन डॉ. मधु भारद्वाज ने किया।
________________________________________
लायंस क्लब ने कुष्ठ आश्रम में किया सेवा कार्य
आगरा, 02 अक्टूबर। गांधी जयंती पर लायंस क्लब ऑफ आगरा विशाल ने ताजगंज स्थित गांधी ग्राम कुष्ठ आश्रम में सेवा गतिविधि की।
क्लब सदस्यों ने परिवारों को दैनिक जरूरत की सामग्री बांटी और उनके साथ समय बिताया। अध्यक्ष सीए राकेश अग्रवाल ने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम शुरू किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा ही बापू के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। इस दौरान अर्चना अग्रवाल, सोम मित्तल, सुनील गुप्ता, प्रमोद अग्रवाल, जैनेन्द्र गोयल समेत कई सदस्य मौजूद रहे।
________________________________________





ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments