Agra News: खबरें आगरा की.....
सेवा संकल्प अभियान: 5 स्कूलों में 100 बच्चों को बांटे स्वेटर
आगरा, 02 अक्टूबर। भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत आगरा में गुरुवार को जरूरतमंद बच्चों को स्वेटर वितरित किए गए। लघु उद्योग निगम उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने सरस्वती शिक्षा परिषद के सहयोग से 5 प्राथमिक विद्यालयों के 100 छात्र-छात्राओं को स्वेटर बांटे।
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए राकेश गर्ग ने कहा कि वंचित वर्ग के बच्चों का ख्याल रखना समाज की जिम्मेदारी है। सरस्वती शिक्षा परिषद इस जिम्मेदारी को बखूबी निभा रही है।
सरस्वती शिक्षा परिषद के उपाध्यक्ष अनंत विश्वेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा कार्य करना अलग अनुभव है। परिषद के मंत्री सीए महेंद्र गर्ग ने कहा कि परिषद पहले से ही कई सेवा कार्यक्रम चला रही है और इस अभियान का हिस्सा बनना गौरव की बात है।
स्वेटर वितरण यमुना ब्रिज, आगरा कैंट, शास्त्रीपुरम, महर्षिपुरम और दयालबाग स्थित सरस्वती शिशु मंदिरों में किया गया। इस दौरान प्रधानाचार्य उत्तम सिंह, मानेंद्र तिवारी, कशवदेव, मुकेश पांडे समेत गुलाब सिंह, रविंद्र तिवारी और विशाल दुबे मौजूद रहे।
________________________________________
अप्सा फिएस्टा 2026 के पोस्टर का विमोचन
आगरा। अप्सा फिएस्टा 2026 के पोस्टर का विमोचन बुधवार को गायत्री पब्लिक स्कूल में हुआ। 5 से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस महोत्सव में 60 स्कूलों के 10 हजार से अधिक छात्र भाग लेंगे।
शुभारंभ 5 अक्टूबर को गायत्री पब्लिक स्कूल में और समापन व पुरस्कार वितरण 17 अक्टूबर को प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में होगा। इस साल 26 स्कूलों में 17 गतिविधियां 57 वर्गों में होंगी।
अप्सा अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि फिएस्टा से छात्रों में अनुशासन और एकता बढ़ती है। सचिव डॉ. गिरधर शर्मा ने बताया कि आयोजन पेपरलेस होगा और पर्यावरण संरक्षण पर जोर रहेगा।
________________________________________
सत्य-अहिंसा और संविधान बचाओ का संदेश
आगरा। गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर कचहरी घाट बांस दरवाजा स्थित गांधी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुआ। आयोजन आगरा दक्षिण के पूर्व प्रत्याशी विनय अग्रवाल के नेतृत्व में हुआ।
मुख्य अतिथि अशोक अग्रवाल ने माल्यार्पण किया। समाजवादियों ने हाथों में सत्य, अहिंसा, संविधान और लोकतंत्र बचाओ के नारे लिखे पोस्टर लेकर मौन सत्याग्रह किया। वक्ताओं ने कहा कि गांधी के विचारों और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस दौरान मिष्ठान वितरण भी हुआ। कार्यक्रम में सपा विधानसभा अध्यक्ष सतीश चाहर, विजय यादव, उस्मान अब्बास समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
________________________________________
लायंस क्लब ने वनवासी कल्याण आश्रम में की सेवा
आगरा, 02 अक्टूबर। लायंस क्लब प्रयास ने सुल्तानगंज की पुलिया स्थित वनवासी कल्याण आश्रम में सेवा कार्य किया। क्लब की ओर से आश्रम की बालिकाओं के लिए एलईडी और खाद्य सामग्री भेंट की गई।
पूर्व अध्यक्ष अंशु मित्तल और अध्यक्ष गीतिका अग्रवाल ने कहा कि वंचित वर्ग के साथ खुशियां साझा करना ही सेवा का उद्देश्य है।
इस दौरान रूपाली अग्रवाल, रुचि बगल, डॉ. रचना अग्रवाल, माधुरी मगन, जय अग्रवाल, तनुजा मांगलिक, गीतांजलि शर्मा, नंदिनी अग्रवाल सहित कई सदस्य मौजूद रहीं।
________________________________________
आर्यन का शतक, फिर भी आराध्य अकादमी ने 59 रन से जीता मैच
आगरा, 02 अक्टूबर l। महात्मा गांधी जयंती पर सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी मैदान पर अंडर-14 क्रिकेट मुकाबला सुख जीवन और आराध्य क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आराध्य अकादमी ने 244 रन बनाए। यशिका ने 59, विराट शर्मा ने 50 और पिहू ने 31 रन बनाए। सुख जीवन की ओर से निर्भय और नैतिक ने 4-4 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुख जीवन की टीम 33 ओवर में 185 रन पर ऑल आउट हो गई। आर्यन ने 103 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, दानवीर ने 13 रन बनाए। 59 रन से मैच जीतने के बाद भी आर्यन को शानदार शतक के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पुरस्कार वितरण में राजीव सोई, पार्षद अरविंद गौतम, बंटी यादव, विजय ठाकुर मौजूद रहे।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments