जनकपुरी महोत्सव में कल तीन अक्टूबर से शुरू होंगे आयोजन, पांच को तृप्ति शाक्या और आठ को आयेंगे कुमार विशु
आगरा, 02 अक्टूबर। उत्तर भारत के प्रसिद्ध जनकपुरी महोत्सव के लिए जनकपुरी पूर्णतः मिथिला नगरी में बदल गई है। घर-द्वार सज चुके हैं, तोरण-बंदनवार लग गए हैं और भव्य जनक मंच पूरी जनकपुरी को आलोकित कर रहा है। इंतजार है प्रभु श्रीराम के आगमन का।
आयोजन समिति अध्यक्ष राजीव यादव ने बताया कि तीन अक्टूबर से आयोजन शुरू होंगे। एक माह से कार्यालय पर रोज राम आरती और हनुमान चालीसा हो रही है। तीन अक्टूबर को दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से अनेक वाहनों के साथ आमंत्रण यात्रा निकलेगी जो नीब करौली मंदिर पर सुंदरकांड के साथ संपन्न होगी।
पांच अक्टूबर को राजा जनक के निवास एंथम, आवास विकास में मेहंदी, संगीत और हल्दी की रस्म होगी, जिसमें लोक गायिका तृप्ति शाक्या प्रस्तुति देंगी।
छह अक्टूबर को गणपति किंग्स काउंटी से माता जानकी का डोला निकलेगा। महिला समिति अध्यक्ष अमृता पोरवाल ने बताया कि डोले में हजारों महिलाएं एक जैसे परिधान में शामिल होंगी। ओंकारेश्वर मंदिर में गौरा पूजन होगा।
सात अक्टूबर को सुबह छह बजे श्रीराम बारात का स्वागत, चांदी के रथ पर नगर दर्शन और दोपहर में तुलसी-शालिग्राम विवाह होगा। नासिक बैंड और इंडिया गॉट टैलेंट टीम प्रस्तुति देंगे। आठ को बड़हार दावत और कुमार विशु की भजन संध्या, नौ को स्वरूप दर्शन और विदाई होगी।
दस अक्टूबर को समापन पर सम्मान समारोह और जनक मंच पर संगीतमय रामायण होगी। राम की भूमिका गौरव खन्ना, हनुमान बिंदु दारा सिंह, रावण आर्य बब्बर और सीता प्राची कामले निभाएंगी। तुषार कालिया शिव तांडव प्रस्तुत करेंगे।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments