आंबेडकर विश्वविद्यालय में बीए-एलएलबी रिजल्ट पर हंगामा, फेल छात्र पानी की टंकी पर चढ़े

आगरा, 12 अक्टूबर। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में सोमवार को बीए-एलएलबी प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणाम को लेकर जमकर हंगामा हुआ। रिजल्ट में फेल होने से नाराज छात्र विरोध जताने के लिए विश्वविद्यालय परिसर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। इससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय ने रिजल्ट जारी करने में पहले ही काफी देरी की। जब परिणाम आया तो बड़ी संख्या में छात्रों को फेल दिखाया गया। इससे अगली कक्षा में प्रवेश को लेकर असमंजस बन गया।
छात्रों ने रिजल्ट में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए कई बार प्रशासन से शिकायत की, लेकिन समाधान नहीं हुआ। लगातार चक्कर लगाने के बाद भी राहत न मिलने से आक्रोश बढ़ा और सोमवार को छात्रों ने टंकी पर चढ़कर विरोध जताया।
विद्यार्थियों की मांग है कि परीक्षा परिणाम की निष्पक्ष जांच हो और यदि मूल्यांकन में त्रुटि है तो सुधार किया जाए। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मामले में आधिकारिक बयान नहीं आया है।
______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments