जनकपुरी महोत्सव में भाजपा नेता के परिवार की चूड़ियां चोरी करने वाला अंतरराज्यीय बांगड़ी कटिंग गैंग बेनकाब
आगरा, 20 अक्टूबर। कमिश्नरेट पुलिस ने अंतरराज्यीय “बांगड़ी कटिंग गैंग” के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गैंग मेले और भीड़भाड़ वाले आयोजनों में महिलाओं के हाथ से चूड़ियां काटकर चोरी की वारदात को अंजाम देता है। गैंग ने पिछले दिनों भावना एस्टेट क्षेत्र सिकंदरा में जनकपुरी महोत्सव के दौरान भाजपा नेता हेमंत भोजवानी के परिवार की महिला के हाथ से सोने की दो चूड़ियां चोरी कर ली थीं। वारदात के लगभग बारह दिन बाद सिकंदरा पुलिस ने इसका खुलासा कर दिया।
खबरों के अनुसार, घटना विगत आठ अक्टूबर को नगर निगम पार्किंग के पास जनकपुरी महोत्सव के दौरान हुई थी। पीड़िता की शिकायत पर थाना सिकंदरा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
20 अक्टूबर को सिकंदरा पुलिस, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागों के आधार पर महाराष्ट्र तक पीछा किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ठाणे, महाराष्ट्र निवासी गणेश और इरफान के रूप में हुई। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो पीली धातु की चूड़ियां बरामद की हैं, जिनका वजन करीब 25 से 30 ग्राम बताया गया है। फिलहाल पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
__________________________________________

Post a Comment
0 Comments