मसूरी जा रहे आगरा के पांच दोस्तों की थार एक्सप्रेसवे पर पलटी, तीन की दर्दनाक मौत, दो गंभीर - आगरा में मातम

आगरा/सहारनपुर, 18 अक्टूबर। आगरा से मसूरी घूमने निकले पांच दोस्तों का सफर शुरू होने से कुछ घंटों बाद ही दर्दनाक हादसे में बदल गया। रविवार तड़के सहारनपुर जिले में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर उनकी तेज रफ्तार थार बेकाबू होकर डिवाइडर तोड़ते हुए कई बार पलट गई। हादसे में आगरा के तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।
कैसे हुआ हादसा?
खबरों के मुताबिक साहिल, राहुल, सक्षम, सचिन वर्मा और हेमंत वर्मा शनिवार रात करीब नौ बजे आगरा से थार गाड़ी में मसूरी के लिए निकले थे। कार हेमंत वर्मा चला रहा था। रविवार तड़के करीब चार बजे जब उनकी कार सहारनपुर के नागल थाना क्षेत्र के बेलड़ा जुनारदार गोल चक्कर पर पहुंची तो तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जोरदार धमाके की आवाज आई। कार डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में पलट गई, उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शीशे सड़क पर बिखर गए। कार में सवार दो युवक उछलकर पुल के नीचे जा गिरे, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार के दरवाजे तोड़कर सभी को बाहर निकाला और जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने साहिल तिवारी (24), सक्षम (26) और राहुल गौतम (25) को मृत घोषित कर दिया। सचिन वर्मा और हेमंत वर्मा गंभीर घायल हैं।
सो कर उठा तो सड़क पर पड़ा था - घायल सचिन
घायल सचिन वर्मा ने बताया कि वह हादसे के वक्त कार की पिछली सीट पर सो रहा था। उसे पता ही नहीं चला क्या हुआ। जब आंख खुली तो वह सड़क पर पड़ा था और चारों तरफ चीख-पुकार थी। बाद में पता चला थार का एक्सीडेंट हो गया है।
तीन परिवारों में कोहराम
1. साहिल तिवारी (24): भूड़ का बाग शांतिनगर का निवासी।
2.  सक्षम: कमला नगर रेणुका बाग का निवासी, डी-फार्मा कर सन फार्मा में MR था। पिता राजेंद्र गौतम घर के बाहर किराना स्टोर चलाते हैं। छोटा भाई बीबीए कर रहा है। मामा राजकुमार ने बताया 30 सितंबर को जन्मदिन था, लेकिन नवरात्र की पंचमी पर दो दिन पहले ही दोस्तों के साथ मनाया था। कॉलोनी के दुर्गा पंडाल में भंडारा खाकर सभी निकले थे। तड़के 4:30 बजे परिवार को हादसे की खबर मिली।
3. राहुल गौतम: टेढ़ी बगिया / तेज नगर निवासी, सुभाष नगर में डॉ. पंकज गुप्ता के यहां काम करता था। पिता गोपाल सिंह ने बताया - दोपहर तीन बजे गाड़ी लेकर निकला था, रात आठ बजे फोन पर कहा घर आ रहा हूं, फिर बोला दोस्तों के साथ घूमने जा रहा हूं। सुबह पांच बजे भतीजे ने एक्सीडेंट की सूचना दी। राहुल पांच भाई-बहनों में से एक था।
तीनों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया और परिजन सहारनपुर के लिए रवाना हो गए।
पुलिस क्या बोली
सहारनपुर के एसपी ट्रैफिक शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे की वजह सामने आ रही है। पुलिस एक्सप्रेसवे के सीसीटीवी और घटनास्थल की जांच कर रही है।
_____________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments