फरार मॉडल श्रद्धा दुबे नागपुर से गिरफ्तार! आगरा में किया था 24 घंटे का सीक्रेट स्टे!
आगरा/लखनऊ, 20 अक्टूबर। लखनऊ के सनसनीखेज शिवा शर्मा मौतकांड में 11 दिन से फरार चल रही मॉडल श्रद्धा दुबे नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। खबरों के अनुसार श्रद्धा को मंगलवार को नागपुर से गिरफ्तार किया गया। उस पर पचास हजार रुपये का इनाम घोषित था। इससे पहले श्रद्धा का आगरा कनेक्शन भी सामने आया था।
उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने श्रद्धा के साथ उसकी बहन और ड्राइवर दानिश को भी हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि तीनों को आज मंगलवार को ही लखनऊ लाया जाएगा। श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी के बाद शिवा शर्मा मामले में आगे की जांच और पूछताछ की जाएगी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले श्रद्धा पुलिस को चकमा देकर आगरा में ताजनगरी फेज-1 के ओम पैलेस होटल में पूरे 24 घंटे रुकी रही और एसटीएफ के पहुंचने से ठीक पहले फरार हो गई। कहा जा रहा है कि होटल के सीसीटीवी फुटेज में पूरा मूवमेंट कैद हुआ है। 17 अक्टूबर की सुबह 6:33 बजे एक सफेद रंग की कार होटल के बाहर आकर रुकती है। करीब 20 मिनट बाद 6:53 बजे श्रद्धा दुबे होटल के अंदर दाखिल होती है। उसके साथ एक युवक और एक युवती भी हैं। तीनों ने होटल में एक ही कमरे में चेक-इन किया।
होटल रजिस्टर में युवक का नाम देवराज यादव दर्ज किया गया है। पुलिस अब देवराज की भूमिका और उसकी पहचान की जांच कर रही है।
पुलिस पहुंची तो कमरा खाली
सूत्रों के अनुसार लखनऊ क्राइम ब्रांच को इनपुट मिला था कि श्रद्धा आगरा में है। इसके बाद आगरा एसटीएफ और लखनऊ की टीम ने ओम पैलेस में दबिश दी, लेकिन तब तक तीनों होटल से चेक-आउट कर निकल चुके थे। कमरे से कुछ सामान बरामद होने की भी चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
श्रद्धा के आगरा आने की वजह अभी भी रहस्य बनी हुई है। आशंका है कि वह यहां किसी से मिलने या आगे की फरारी की योजना बनाने आई थी।
क्या है शिवा शर्मा केस?
लखनऊ के अलीगंज निवासी कैफे कारोबारी शिवा शर्मा की विगत नौ अक्टूबर को अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर संदिग्ध मौत हुई थी। मृतक की मां रंजना ने आरोप लगाया कि श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि समेत पांच लोग बेटे को प्रताड़ित करते थे। इस पर हजरतगंज कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ।
घटना के बाद से श्रद्धा फरार है। पुलिस ने पहले 25 हजार फिर 50 हजार रुपये का इनाम और गैर जमानती वारंट जारी किया है।
इंटरव्यू से मचा था बवाल
फरार रहते हुए श्रद्धा का एक न्यूज एजेंसी को दिया इंटरव्यू वायरल हो गया था, जिसमें उसने खुद को निर्दोष बताते हुए शिवा की मौत को आत्महत्या बताया था। उसने दावा किया था कि शिवा पर 16-17 लाख का कर्ज था और उसने उसकी आंखों के सामने बालकनी से छलांग लगाई। इस वीडियो के सामने आने के बाद लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में हड़कंप मच गया था और लापरवाही पर हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह, डीसीपी विक्रांत वीर और एसीपी रजनीश वर्मा को पद से हटा दिया गया था।
फिलहाल लखनऊ पुलिस और आगरा एसटीएफ श्रद्धा के आगरा कनेक्शन, देवराज यादव और साथ दिखी युवती की तलाश में जुट गई है।
__________________________________________

Post a Comment
0 Comments