जेल भेजे गए कार्यकर्ताओं को जमानत नहीं मिली तो धरना प्रदर्शन करेगी कांग्रेस || सीईसी के घर पर प्रदर्शन का मामला

आगरा, 01 अक्टूबर। कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के यहां विजय नगर कॉलोनी स्थित पैतृक आवास पर प्रदर्शन के आरोप में जेल भेजे गए कार्यकर्ताओं के समर्थन में धरना देने का ऐलान कर दिया है। 
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और ब्रज जोन प्रभारी कुणाल चौधरी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने गुरुवार को यहां आकर जिला जेल में निरुद्ध पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी है। जेल में मुलाकात करने वालों में जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार और शहर अध्यक्ष अमित सिंह भी शामिल थे। इससे पूर्व पार्टी ने प्रदेशाध्यक्ष अजय राय के यहां आने का कार्यक्रम जारी किया था, लेकिन बाद में अजय राय का दौरा रद्द हो गया और कुणाल चौधरी व अजय कुमार लल्लू को यहां भेजा गया।
कांग्रेस के शहर उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने बताया कि वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी कार्यालय पर बैठक कर तय किया कि यदि जेल भेजे गए कार्यकर्ताओं को तीन अक्टूबर को जमानत पर रिहा नहीं किया गया तो पार्टी पांच अक्टूबर को पुलिस कमिश्नर कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेगी।
 
जेल भेजे गए छह कार्यकर्ताओं की तीन अक्टूबर को अदालत में सुनवाई होनी है। बुधवार को कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात करके तीन गम्भीर धाराएं हटाने की मांग की थी। 
बता दें कि कांग्रेसी नेता अनिल यादव और मुकेश धनगर के नेतृत्व में विगत सोमवार को कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विजय नगर कॉलोनी स्थित आवास पर प्रदर्शन किया था और घर की दीवार पर अभद्र भाषा लिख दी थी। इसके बाद पुलिस ने अनिल और मुकेश सहित छह कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया था।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments