फतेहाबाद में जमीन बनी खूनी रंजिश, खेत में सो रहे हिस्ट्रीशीटर को उतारा मौत के घाट

आगरा, 01 अक्टूबर। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के कच्छपुरा गांव में पांच लाख की जमीन का सौदा एक युवक की जान पर भारी पड़ गया। खबरों के अनुसार, 32 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर प्रेमवीर सिंह की रात में सोते समय बेरहमी से हत्या कर दी गई। गुरुवार तड़के उसका लहूलुहान शव खेत में चारपाई पर पड़ा मिला। सिर पर धारदार हथियार के गहरे वार के निशान थे। वारदात से गांव में सनसनी फैल गई।
मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि प्रेमवीर ने अपने मकान के पास की अपने हिस्से की जमीन करीब चार-पांच महीने पहले गांव के ही हरेंद्र सिंह को लगभग पांच लाख रुपये में बेच दी थी। बाद में परिवार के दबाव में वह सौदा रद्द कर जमीन वापस लेना चाहता था। इसी को लेकर दोनों पक्षों में लगातार कहासुनी और रंजिश चल रही थी। परिजनों ने इसी विवाद को हत्या की वजह बताया है। पुलिस भी इसी एंगल से जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात प्रेमवीर अपने भतीजे हरवीर सिंह को बाइक से ट्यूबवैल पर सुलाने गया था। वहां से वह अपने खेत पर सोने चला गया।
 
गुरुवार सुबह करीब साढ़े छह बजे खेत बटाई पर लेने वाले लालाराम कुशवाहा खेत पर पहुंचे तो चारपाई पर प्रेमवीर का खून से लथपथ शव देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत परिवार और पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना पर एसीपी इमरान अहमद और इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्र फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसीपी के निर्देश पर पुलिस ने आसपास के खेतों में हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, लाठी-डंडा की तलाश कराई। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के भाई की तहरीर पर हरेंद्र सिंह और गंभीर सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments