Agra News: खबरें आगरा की.....
इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम में अपने ताले लगाकर चोरियां करने वाले पांच शातिर गिरफ्तार
आगरा, 31 अक्टूबर। थाना हरिपर्वत पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम को निशाना बनाकर लाखों का माल पार करने वाले पांच चोरों को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।
खबरों के मुताबिक, पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान पांचों आरोपियों विकास उर्फ राजा, शकील, अभिषेक, अयूब और पंकज को पकड़ा। वे चोरी का माल लोडर में भरकर मथुरा ले जा रहे थे। कब्जे से नौ एसी आउटडोर, 9 इनडोर, वाशिंग मशीन, लोडर, मोबाइल व नकदी बरामद हुई।
पीड़ित सचिन गोयल ने बताया कि सोंठ की मंडी में उनका गोदाम किराए पर है। दुकान में जगह कम होने से एसी, फ्रिज, टीवी गोदाम में रखते हैं। चोरों ने गोदाम के पीछे के शटर के ताले तोड़कर अपने ताले लगा दिए। फिर अलग-अलग दिन चोरी की। स्टॉक मिलाने पर 24 एसी गायब मिले।
________________________________________
दीवानी न्यायालय परिसर से UPSSF जवानों ने निकाली ‘रन फॉर यूनिटी’
आगरा, 31 अक्टूबर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आगरा दीवानी न्यायालय में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया।
चौथी वाहिनी विशेष सुरक्षा बल (SSF), मथुरा के सेनानायक डॉ. राम सुरेश यादव के निर्देशानुसार कार्यक्रम का आयोजन न्यायालय सुरक्षा प्रभारी निरीक्षक मुकेश यादव के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर निरीक्षक मुकेश यादव ने UPSSF अधिकारियों एवं जवानों को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने तथा आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने की शपथ दिलाई। इसके बाद दीवानी न्यायालय के गेट नंबर 04 से हनुमान चौराहा होते हुए खंदारी चौराहे तक और वापस न्यायालय तक ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़ आयोजित की गई। जवानों ने अनुशासन और उत्साह के साथ प्रतिभाग कर आमजन को राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी जवानों को फल वितरित किए गए और राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई।
________________________________________
सरदार पटेल जयंती पर क्षेत्रीय अभिलेखागार ने लगाई चित्र एवं अभिलेख प्रदर्शनी
आगरा, 31 अक्टूबर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर क्षेत्रीय अभिलेखागार, संस्कृति विभाग द्वारा चित्र एवं अभिलेख प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
संस्कृति भवन, इतिहास एवं संस्कृति विभाग, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में आयोजित प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय और विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने किया। प्रदर्शनी में सरदार पटेल के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र-निर्माण में अतुलनीय योगदान, विशेषकर राष्ट्रीय एकीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण अभिलेखों और छायाचित्रों को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन क्षेत्रीय अभिलेख अधिकारी शिवकुमार यादव और इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. बीडी शुक्ला ने किया।
________________________________________
ग्रीन पटाखा दुकानों के लिए आवेदन शुरू, धरोहर राशि 5000, लॉटरी से आवंटन
आगरा, 31 अक्टूबर। दीपावली पर हरित आतिशबाजी की अस्थायी दुकानों के लिए कमिश्नरेट ने आवेदन मांगे हैं।
पश्चिम जोन: डीसीपी आदित्य ने बताया कि दीपावली 8-9 नवंबर को है। आवेदन 30 अक्टूबर से 2 नवंबर तक डीसीपी पश्चिम कार्यालय में जमा होंगे।
पूर्वी जोन: आवेदन 29 से 31 अक्टूबर तक डीसीपी पूर्वी कार्यालय में, लाइसेंस 6 से 10 नवंबर तक मान्य रहेंगे।
धरोहर राशि 5000 रु. तय है। बैंक ड्राफ्ट प्रतिसार निरीक्षक/वाचक कार्यालय में जमा कर अग्नि बचाव लेखा शीर्ष 0070601090000 में चालान जमा करना होगा। दो फोटो, आधार कॉपी अनिवार्य है।
एक आवेदक एक ही स्थल के लिए आवेदन करेगा, अधिक आवेदन पर सभी निरस्त कर दिए जाएंगे। अधिक आवेदन पर लॉटरी से आवंटन होगा। दुकान 10x10 फुट टीन चादर से स्वयं बनानी होगी, बीच में 10 फुट दूरी होगीं किराया आवंटन के बाद, फायर NOC स्वयं लेनी होगी। दुकान में 50 किलो पटाखे और 50 किलो फुलझड़ी से अधिक नहीं रखे जा सकेंगे, दो बाल्टी, 500 लीटर पानी और 10 बाल्टी रेत अनिवार्य है।
________________________________________
मासिक वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में बालिकाओं ने दिखाया दमखम
आगरा, 31 अक्टूबर। जिला वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन द्वारा बालिकाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए हर माह जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में तीसरी मासिक प्रतियोगिता 30 अक्टूबर को हुई।
मुख्य अतिथि डीआईजी स्टांप आगरा मंडल देवेंद्र कुमार (नेशनल चैंपियन) और विशिष्ट अतिथि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सत्येंद्रेश्वरी किरण रहीं।
परिणाम -
49 किलो वर्ग में तन्नू ने 98 किलो, 57 किलो में अन्नू चाहर ने 118 किलो, उन्नति राजपूत 112 किलो, रंजना चाहर 103 किलो, प्राची सिकरवार 100 किलो, 77 किलो में पल्लवी चाहर 74 किलो, 86 किलो में कविता सिंह 164 किलो, तनीषा 92 किलो और 86 प्लस में नंदिनी बोहरा 70 किलो कुल भार उठाया।
बेस्ट लिफ्टर में प्रथम कविता सिंह, द्वितीय अन्नू चाहर और तृतीय तन्नू रहीं। इन्हें मेडल-ट्रॉफी दी गई। सभी विजेताओं को मेडल व नकद पुरस्कार और अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। इस दौरान महासचिव हरदीप सिंह (अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी/नेशनल रेफरी), अशोक भदौरिया, सौरभ शर्मा, सिसांत, विष्णु, अजीत सहित खेलप्रेमी मौजूद रहे।
________________________________________
डीईआई में राष्ट्रीय एकता दिवस पर शपथ ग्रहण और प्रेरक व्याख्यान आयोजित
आगरा, 31 अक्टूबर। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीईआई) में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन सत्र में राष्ट्रीय एकता शपथ के साथ हुई। इस दौरान लगभग 240 एनएसएस स्वयंसेवकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को अक्षुण्ण रखने तथा देश के विकास में निस्वार्थ योगदान देने का संकल्प लिया। शैक्षणिक सत्र में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. भावना जौहरी और कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राकेश कुमार ने अपने विचार रखे। सत्र के अंत में उपस्थित स्वयंसेवकों और शिक्षकों ने वक्ताओं के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments