Agra News: खबरें आगरा की.....

सांसद नवीन जैन के आवास पर सात मुनिराजों की आहार चर्या, विशुद्ध सागर के प्रवचन
आगरा, 05 अक्टूबर। राज्यसभा सदस्य नवीन जैन के नई दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर पट्टाचार्य श्री विशुद्ध सागर ससंघ के मंगल आगमन से वातावरण धर्ममय हो गया। सांसद ने परिवार सहित इंडिया गेट से पैदल पद विहार कर गुरुदेव की अगवानी की और पाद प्रक्षालन कर वंदन किया।
आवास पर महाराज ने मंगल प्रवचन दिये। धर्म, संयम, त्याग, अहिंसा और आत्मकल्याण पर दिए गए संदेश से श्रद्धालु भावविभोर हो गए। इस अवसर पर विशेष संयोग रहा जब सात मुनिराजों की आहार चर्या एक साथ सांसद आवास पर संपन्न हुई। जैन संत 24 घंटे में एक बार, खड़े होकर अंजलि में भोजन ग्रहण करते हैं, इस दुर्लभ दृश्य को देख उपस्थित लोग आश्चर्यचकित रह गए।
सांसद नवीन जैन ने कहा, "सात संतों का एक साथ आगमन मेरे परिवार के लिए जीवनभर अविस्मरणीय सौभाग्य है। संतों के चरण जहां पड़ते हैं, वहां का वातावरण स्वतः मंगलमय हो जाता है। उनका आशीर्वाद हमारे लिए आध्यात्मिक धरोहर है।"
______________________________________
एमएलसी प्रत्याशी शशांक यादव का किया स्वागत
आगरा, 05 अक्टूबर। दक्षिण विधानसभा की समीक्षा बैठक रविवार को लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में हुई। इसमें एमएलसी प्रत्याशी शशांक यादव का पूर्व प्रत्याशी विनय अग्रवाल ने अभिनंदन किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शशांक यादव ने कहा, “यह सेमीफाइनल है, हम सेमीफाइनल भी जीतेंगे और फाइनल भी, अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएंगे। मैं हर छात्र की लड़ाई लड़ूंगा।”
विनय अग्रवाल ने कहा कि दक्षिण के हर वार्ड, सेक्टर और बूथ तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर जनसंपर्क किया जाएगा। बैठक में संगठन की स्थिति और चुनावी रणनीति तय की गई। संचालन विधानसभा अध्यक्ष सतीश चाहर ने किया। इस मौके पर मदन गर्ग, रामलाल गोयल, राहुल चतुर्वेदी, श्रीनिवास यादव, बबलू जाटव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
______________________________________
डीईआई में “रीडिजाइनिंग क्लासरूम मैथमेटिक्स” पर पांच दिवसीय कार्यशाला शुरू
आगरा, 05 अक्टूबर। दयालबाग शिक्षण संस्थान के गणित विभाग द्वारा AIU-DEI-AADC के तत्वावधान में पांच दिवसीय कार्यशाला “रीडिजाइनिंग क्लासरूम मैथमेटिक्स: पेडागॉजी, साइकोलॉजी एंड द पावर ऑफ AI” का शुभारंभ पांच अक्टूबर को हुआ। नौ अक्टूबर तक हाइब्रिड मोड में चलने वाली कार्यशाला में 100 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
उद्देश्य गणित शिक्षण को पेडागॉजी, मनोविज्ञान और AI के साथ अधिक रोचक व शिक्षार्थी-केंद्रित बनाना है। उद्घाटन प्रार्थना से हुआ, संयोजक प्रो. गुर सरन ने स्वागत किया। मुख्य अतिथि निदेशक प्रो. सी. पटवर्धन का परिचय डॉ. एपी त्यागी ने दिया।
प्रो. पटवर्धन ने कहा, गणित केवल कक्षा तक सीमित नहीं, यह प्रौद्योगिकी और विज्ञान की भाषा है। “क्या ईश्वर एक गणितज्ञ हैं” प्रश्न से उन्होंने गणित की सुंदरता और सर्वव्यापकता को समझाया। 
समापन धन्यवाद ज्ञापन प्रो. कमल श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. संजीव स्वामी, कोषाध्यक्ष स्नेह बिजलानी मौजूद रहीं। समन्वय डॉ. सौम्या सिन्हा, सह-संयोजक डॉ. स्वाति सत्संगी गुप्ता व नोडल ऑफिसर प्रो. ज्योति गोगिया ने किया।
______________________________________
कैंट इंटर कॉलेज कबड्डी में विजय, जनपदीय बालिका क्रीड़ा प्रतियोगिता संपन्न
आगरा, 05 अक्टूबर। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनपदीय बालिका क्रीड़ा प्रतियोगिता हुई। 14, 17 व 19 वर्ष वर्ग में 15 टीमों ने भाग लिया। शुभारंभ कैंट इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य मंजू रानी ने किया।
14 वर्ष फाइनल में विवेकानंद इंटर कॉलेज जरुआ कतरा ने कैंट इंटर कॉलेज को 14-12 से हराकर खिताब जीता। 17 वर्ष में कैंट इंटर कॉलेज ने विवेकानंद को 32-4 से एकतरफा हराया। 19 वर्ष में गोपीचंद शिवहरे कन्या इंटर कॉलेज सदर ने कैंट को 18-12 से हराकर विजेता बना।
समापन पर विजेता-उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल व प्रमाण-पत्र दिए गए। पुरस्कार मुख्य अतिथि दीपक मोहन IDES, CEO आगरा छावनी व यशपाल सिंह IDES, रक्षा संपदा अधिकारी ने दिए।
निर्णायक बीरपाल सिंह, ब्रजेश कुमार, रोहित सिंह, केपी सिंह यादव रहे। चयनकर्ता एनके बिंदु, विजय लक्ष्मी व बृजेश कुमार रहे। संचालन ललित पाराशर व प्रशांत शुक्ला ने किया। इस अवसर पर रवि प्रकाश, रजनेश शर्मा, दीपा भगत, पूनम चाहर सहित खेल अधिकारी व शिक्षक मौजूद रहे।
______________________________________
लायंस क्लबों की संयुक्त सेवा पहल: सरस्वती बाल विद्या मंदिर में 10 बेंच-डेस्क, 3 पंखे और 100 स्कूल बैग वितरित
आगरा, 05 अक्टूबर। जोन चेयरपर्सन लायन अंशु भार्गव और रीजन चेयरपर्सन लायन प्रतिमा राणा के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को सरस्वती बाल विद्या मंदिर स्कूल, नोबस्ता, लोहामंडी में सेवा पहल का आयोजन किया गया।
इसमें लायंस क्लब ऑफ आगरा आस्था, आगरा कोहिनूर एमजेएफ, आगरा यशकीर्ति और स्पार्कल सुरभि ने सहभागिता की। लायंस क्लब आस्था और यशकीर्ति द्वारा 5-5 बेंच-डेस्क, कोहिनूर एमजेएफ द्वारा 3 पंखे और स्पार्कल सुरभि द्वारा 100 विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि जितेंद्र सिंह चौहान, पास्ट इंटरनेशनल डायरेक्टर रहे। कार्यक्रम में मंडलाध्यक्ष डॉ. आर.एन. वर्मा, रीजन चेयरपर्सन प्रतिमा राणा और जोन चेयरपर्सन अंशु भार्गव का मार्गदर्शन मिला। इस अवसर पर चारों क्लबों के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने इसे एकता और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
______________________________________




ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments