Agra News: खबरें आगरा की....

आवास विकास सेक्टर-6 में निकलीं मां भगवती की झांकियां
आगरा, 18 अक्टूबर। आवास विकास सेक्टर-6 में आयोजित नवरात्र महोत्सव के अंतर्गत विगत दिवस मां भगवती की भव्य झांकियां निकाली गईं। क्षेत्र में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने मां भगवती के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
संरक्षक डॉ. मदन मोहन शर्मा ने कहा कि नवरात्र महोत्सव भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। लंकेश दीपक सारस्वत, डॉ. राम नरेश शर्मा, निक्की भगत, अरुण श्रीवास्तव, गब्बर राजपूत, टोनी वर्मा, पंकज तायल, आकाश सारस्वत, नकुल सारस्वत, दीपू चौहान, ज्वाला प्रसाद  उपस्थित रहे।
_________________________________________
‘आजादी का महोत्सव सीजन-5’ का ग्रैंड फिनाले 31 अक्टूबर को, 65 हजार के नकद पुरस्कार
आगरा, 18 अक्टूबर। शहर की डांस और सिंगिंग प्रतिभाओं को मंच देने के लिए एमएस इवेंट्स द्वारा ‘आजादी का महोत्सव सीजन-5’ का आयोजन किया जा रहा है। इसका ग्रैंड फिनाले 31 अक्टूबर को शाम 5 बजे बलूनी पब्लिक स्कूल, शास्त्रीपुरम में होगा।
रविवार को लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में प्रेस वार्ता में आयोजक पवन वर्मा ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह एक दिवसीय डांस और सिंगिंग प्रतियोगिता है, जिसमें अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। इसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं को अपनी कला दिखाने का मंच देना है। आयोजन बालूनी पब्लिक स्कूल के सहयोग से हो रहा है। फिनाले में सेलिब्रिटी जज के रूप में अनिकेत चौहान प्रतिभागियों का आकलन करेंगे। प्रतियोगिता की कुल नकद पुरस्कार राशि 65 हजार रुपये है। सभी प्रतिभागियों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र दिए जाएंगे और निःशुल्क भोजन की व्यवस्था रहेगी। संपर्क: 8384889231, 8923929790, 7830039825, 9084746877
_________________________________________
हाईवे किनारे झोपड़ी में फंदे पर लटका मिला युवक का शव
आगरा, 18 अक्टूबर। ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हाईवे किनारे एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह 7:18 बजे सूचना मिली कि झरना नाला के पास आगरा-फिरोजाबाद हाईवे किनारे बनी झोपड़ी में एक युवक ने फांसी लगा ली है। मंडी चौकी प्रभारी ऋषि कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। वहां मृतक के भाई अनिल, अखिल, अमर और आसपास के लोग मौजूद थे।
परिजनों ने मृतक की पहचान अमित कुमार (35) पुत्र कैलाश बाबू, निवासी बालाजी मंदिर के पास, कान्हा वन, थाना ट्रांस यमुना के रूप में की। परिजनों ने बताया कि अमित शराब पीने के बाद वह अक्सर परिवार से झगड़ा करता था और पहले भी कई बार खुद पर हमला कर चुका था। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
_________________________________________
अकोला में चौधरी चरण सिंह टेनिस क्रिकेट महाकुंभ का समापन, घासी बाबा क्लब बना चैंपियन
आगरा, 18 अक्टूबर। ग्रामीण विधानसभा के अकोला में चार अक्टूबर से चल रहे चौधरी चरण सिंह टेनिस क्रिकेट महाकुंभ का रविवार को समापन हो गया। 16 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें फाइनल में घासी बाबा क्रिकेट क्लब अकोला ने पवावली क्रिकेट क्लब को हराकर खिताब जीता।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता उपेन्द्र सिंह ने विजेता टीम के कप्तान साहिल को ₹31,000 का नकद पुरस्कार दिया। विशिष्ट अतिथि समाजसेवी सीपी चाहर ने उपविजेता पवावली क्लब के कप्तान सत्येंद्र सिंह को ₹15,000 देकर सम्मानित किया।
अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन और टीम भावना विकसित करते हैं। इस दौरान प्रभात चाहर, रविन्द्र सिंह, अमरपाल चाहर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

_________________________________________



_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments