Agra News: खबरें आगरा की.....

आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन: तीन बूथों पर मतदान शून्य, कल 26 को होगा पुनर्मतदान
आगरा, 25 अक्टूबर। आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों पर हुआ मतदान शून्य घोषित कर दिया गया है। इन तीनों बूथों पर कल 26 अक्टूबर (सोमवार) को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक पुनर्मतदान होगा।
आयुक्त/रिटर्निंग ऑफिसर नगेंद्र प्रताप ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने 23 अक्टूबर को हुए मतदान को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 की धारा 58A(2)(a) के तहत शून्य घोषित किया है।
ये बूथ हैं-
1. बूथ-20 (तहसील कैंपस खेरागढ़ कक्ष संख्या-01)
2. बूथ-21 (क्षेत्र पंचायत कार्यालय सैंया कक्ष संख्या-01)
3. बूथ-26 (क्षेत्र पंचायत कार्यालय फतेहाबाद कक्ष संख्या-01)
आयोग के निर्देश पर इन तीनों केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया जाएगा।
________________________________________
रक्तदान शिविर में 55 यूनिट रक्तदान, जैन संत ने किया युवाओं को प्रेरित
आगरा, 25 अक्टूबर। श्री श्वेतांबर स्थानकवासी जैन ट्रस्ट और एस एस जैन युवा संगठन के सहयोग से रविवार को हेल्प आगरा हॉस्पिटल पर रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 55 लोगों ने रक्तदान किया, जबकि हीमोग्लोबिन कम होने से नौ लोग रक्तदान नहीं कर सके, जिनमें तीन महिलाएं शामिल थीं।
शिविर समर्पण ब्लड बैंक के सहयोग से लगाया गया था। जैन संत अमृत मुनि ने स्वयं रक्तदान कर युवाओं को प्रेरित किया। हेल्प आगरा संस्था के पीआरओ जगवीर सिंह की पत्नी डॉ. रुपेंदर कौर ने रक्तदान कर अपना जन्मदिन मनाया। रक्तदान करने वालों में रौनक सकलेचा, विपुल सकलेचा, रोहन सकलेचा, हेल्प आगरा के जलज गोयल और स्टाफ पवन शामिल रहे। 11 रक्तदाताओं को चांदी का उपहार देकर सम्मानित किया गया। अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने बताया कि जरूरतमंदों को तत्काल ब्लड मिल सके, इस भावना से समय-समय पर शिविर लगाए जाते हैं। इस मौके पर एस एस जैन संगठन के अध्यक्ष अमित जैन, आशीष जैन, संजय जैन, हेल्प आगरा के महासचिव गौतम सेठ सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
________________________________________
शरद पूर्णिमा काव्य महोत्सव में बरसा साहित्य अमृत
आगरा, 25 अक्टूबर। देवनागरी साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था आगरा के तत्वावधान में कार्तिक आरंभ पर "हृदयंगम-106" के तहत शरद पूर्णिमा काव्य महोत्सव का आयोजन सिकंदरा-बोदला रोड पर हुआ।
मुख्य अतिथि डॉ. अशोक बंसल अश्रु ने कहा कि चाँदनी के साथ साहित्य अमृत बरसाने का पर्व है शरद पूर्णिमा। इस अवसर पर आयोजन से सुख-समृद्धि बढ़ती है।
अध्यक्षता कर रहे कवि डॉ. राजेंद्र मिलन ने कहा कि धार्मिक अनुष्ठानों में शरद पूर्णिमा का महत्व प्रकृति की रक्षा के श्रीगणेश जैसा है। दीप प्रज्ज्वलन करते हुए डॉ. बृज बिहारी लाल बिरजू ने कहा कि त्योहारों पर गीत-संगीत के आयोजनों से दैवीय अमृत वर्षा होती है।
संस्था अध्यक्ष डॉ. यशोयश ने संचालन किया। इस अवसर पर प्रेम प्रसून, हरीश अग्रवाल ढपोरशंख, प्रकाश गुप्ता बेबाक, सुधारानी, सुरेंद्र बघेल, डॉ. सुकेशिनी दीक्षित, नीरज शर्मा, राजीव शर्मा निस्पृह, बोधिसत्व कस्तूरिया, रमेश अधीर सहित कई कवियों ने काव्य पाठ किया।
________________________________________
फौवारा स्थित मोहन ट्रेडर्स की सील खुली, 14 दवाओं के सैंपल लिए
आगरा, 25 अक्टूबर। औषधि विभाग ने फौवारा स्थित मोहन ट्रेडर्स की सील खोलकर दुकान की जांच की। 14 दवाओं के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
औषधि निरीक्षक आशुतोष मिश्रा ने बताया कि जुलाई में बिल न दिखाने पर दुकान को सील किया गया था। अब बिल दिखाने पर रिकॉर्ड की जांच की गई। 
बुखार, जुकाम, खांसी, पेट रोग, त्वचा रोग, एलर्जी समेत अन्य दवाओं के 14 सैंपल लिए गए हैं। सहायक आयुक्त औषधि अरविंद गुप्ता ने बताया कि लैब में नमूने फेल होने पर कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
________________________________________
रोमांचक मुकाबले में सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने धौलपुर को 6-4 से हराया
आगरा, 25 अक्टूबर। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए मैत्री हॉकी मैच में सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने धौलपुर अकादमी को 6-4 से हरा दिया। पहले हाफ में सुख जीवन ने 4-2 की बढ़त बनाई। अनुज सिंह, डॉ. जयशंकर यादव ने एक-एक और नितिन सिंह ने दो गोल किए। धौलपुर की ओर से अंकित त्यागी और रोहित बंसल ने गोल किए। दूसरे हाफ में धौलपुर ने वापसी कर स्कोर 4-4 बराबर कर दिया। योगेश थापा ने अहम भूमिका निभाई। अंतिम क्वार्टर में दिनेश शर्मा ने पेनल्टी कॉर्नर और राजवीर सिंह ने फील्ड गोल कर जीत पक्की की। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अकादमी अध्यक्ष राजीव सोई, अमिताभ गौतम, समाजसेवी धर्मेंद्र बघेल, अमीन उल्लाह मौजूद रहे। अंपायर अजय राजपूत और धर्मेंद्र बघेल रहे।
________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments