किसान का बेटा 80 फीट ऊंचे बिजली टावर पर चढ़ा, फतेहाबाद में हड़कंप

आगरा, 30 अक्टूबर। तहसील फतेहाबाद क्षेत्र के मौजा कुतकपुर गुर्जर में शुक्रवार की पूर्वाह्न करीब 11:45 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खेत का रास्ता बंद होने से नाराज किसान का बेटा निर्माणाधीन हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। 
युवक को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही फतेहाबाद तहसील प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
पावर ग्रिड के टावर से बंद हुआ रास्ता
मामला किसान राजन सिंह फौजी के खेत से जुड़ा है। बताया गया है कि उनके खेत के पास पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन द्वारा 765 केवी लाइन का टावर लगाया जा रहा है। टावर के निर्माण कार्य और उससे जुड़ी मशीनों, मटेरियल के कारण राजन सिंह के खेत तक जाने वाला पगडंडी रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। इससे खेत में ट्रैक्टर-ट्रॉली ले जाना तो दूर, पैदल जाना भी मुश्किल हो गया है। रबी की बुवाई का समय नजदीक होने से किसान परिवार परेशान था।
एक दिन पहले बनी थी सहमति, फिर भी नहीं खुला रास्ता
रास्ता बंद होने से परेशान किसान ने भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण सिंह और फौजी संगठन से मदद मांगी। गुरुवार को दोनों संगठनों के पदाधिकारियों ने तहसीलदार फतेहाबाद को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद तहसीलदार की मौजूदगी में तहसील प्रशासन, पावर ग्रिड के अधिकारियों, किसान राजन सिंह और किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। बैठक में पावर ग्रिड अधिकारियों ने किसान को खेत तक आने-जाने के लिए वैकल्पिक रास्ता बनवाने पर सहमति जताई थी।
किसान परिवार को लगा था कि अब समस्या खत्म हो जाएगी, लेकिन शुक्रवार की सुबह तक मौके पर कोई काम शुरू नहीं हुआ। रास्ता जस का तस बंद पड़ा रहा। इससे नाराज होकर किसान का बेटा विरोध जताने के लिए टावर पर चढ़ गया।
प्रशासन के सामने स्थायी समाधान की चुनौती
मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने पावर ग्रिड कंपनी से बात कर तुरंत रास्ता खुलवाने का आश्वासन दिया। किसान संगठनों का कहना है कि अस्थायी नहीं, किसान को खेत तक पहुंचने के लिए स्थायी रास्ते का इंतजाम किया जाए। केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा।
______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments