बुजुर्ग को कर लिया डिजिटल अरेस्ट, 72.74 लाख की ठगी, एटीएस अधिकारी बनकर दी धमकी
आगरा, 10 अक्टूबर। थाना सिकंदरा क्षेत्र के एक बुजुर्ग को साइबर ठगों ने खुद को एटीएस अधिकारी बताकर डिजिटल अरेस्ट कर 72 लाख, 74 हजार, 900 रुपये ठग लिए। ठगों ने आतंकवादियों से संबंध का आरोप लगाकर परिवार सहित डिटेंशन सेंटर भेजने और संपत्ति फ्रीज करने की धमकी दी थी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित विनोद कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि विगत 21 अगस्त को पुलिस लाइंस से बोलने का दावा कर कॉल आई। कहा गया कि एटीएस अधिकारी बात करेंगे। इसके बाद आरोपियों ने कहा कि उनके आधार कार्ड पर कर्नाटक में आईसीआईसीआई बैंक में आतंकवादियों का खाता खुला है, जिसमें 3.50 करोड़ जमा हैं और उन्हें 35 लाख कमीशन मिला है।
डर दिखाकर ठगों ने उनकी एफडी और आरडी की जानकारी ली। एफडी तुड़वाकर बचत खाते में जमा कराई और फिर अलग-अलग फर्मों के खातों में ट्रांसफर करा दिया।
27 अगस्त से 18 सितंबर के बीच:
- मित्तल ट्रेडिंग - 22.80 लाख
- ऑटोटेक एंटरप्राइजेज - 3.51 लाख
- अर्बन कबाड़ सॉल्यूशंस एलएलपी - 30.40 लाख
- कैफे बक्स - 16.03 लाख
कुल - 72.74 लाख रुपये
विगत 21 अगस्त से 23 सितंबर तक व्हाट्सएप कॉल कर पत्नी-बेटों को न बताने की हिदायत दी गई। बाद में बेटे को बताने पर साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत की गई। डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य सिंह ने बताया कि साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments