फिल्म 'फिर हेरा फेरी' स्टाइल में ठगी: 21 दिन में पैसा डबल का झांसा, आगरा पुलिस ने तीन टप्पेबाजों को दबोचा, 250 गड्डी नकली नोट बरामद
आगरा, 18 अक्टूबर। फिल्म 'फिर हेरा फेरी' की तरह 21 दिन में पैसा डबल करने का लालच देकर लोगों को ठगने वाले गिरोह के तीन शातिरों को आगरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित सोशल मीडिया पर "जरूरतमंदों की मदद, कर्ज से मुक्ति, 21 दिन में पैसा डबल" जैसे विज्ञापन देकर लोगों को फंसाते थे।
पुलिस ने इनके पास से 3.83 लाख रुपये नकद, चिल्ड्रेन बैंक ऑफ इंडिया के नकली नोटों की 250 गड्डियां, 07 मोबाइल फोन, 03 लैपटॉप, 11 चालू सिम, 25 खाली सिम होल्डर, एक कार और एक बाइक बरामद की है।
लखनऊ के LIC कर्मचारी से 4 लाख की ठगी
पीड़ित पंकज द्विवेदी लखनऊ के जानकीपुरम शिव विहार कॉलोनी के रहने वाले हैं और LIC में कर्मचारी हैं। उन्होंने बताया कि कर्ज को लेकर परेशान थे, तभी फेसबुक पर पैसा डबल करने का विज्ञापन देखा। नंबर पर बात की तो आरोपियों ने चिकनी-चुपड़ी बातों में फंसा लिया और मदद करने का भरोसा दिलाया।
14 अक्टूबर को उन्हें आगरा बुलाया गया। ताजगंज स्थित पाठक अस्पताल के पीछे मिलने को कहा। वहां बाइक पर दो युवक आए, 4 लाख रुपये नकद लिए और बदले में काली पॉलीथिन में नोटों की गड्डियां थमा दीं। जब पंकज ने गड्डियां देखने की कोशिश की तो आरोपियों ने कहा - "पुलिस आ रही है, जल्दी निकलो।" डर के मारे पंकज वहां से निकल गए। बाद में पॉलीथिन खोली तो ऊपर-ऊपर 2-3 असली नोट लगे थे, अंदर पूरी गड्डी चिल्ड्रेन बैंक के नकली नोटों की थी।
झांसी के युवक से भी 60 हजार ठगे
जांच में सामने आया कि झांसी के सैयर गेट निवासी शोएब अहमद के साथ भी 22 सितंबर को इसी तरह ठगी की गई थी। उसे भी आगरा बुलाकर 60 हजार रुपये लेकर नकली नोटों का पैकेट दे दिया गया था।
दोनों शिकायतों के बाद ताजगंज पुलिस ने सर्विलांस की मदद से नगला मेवाती के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
कौन हैं आरोपी?
पकड़े गए तीनों आरोपी राहुल शर्मा, विजय कुमार और राकेश शर्मा मथुरा जिले के रहने वाले हैं। पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं। महंगे शौक पूरे करने और कम समय में मोटा पैसा कमाने के लिए उन्होंने यह तरीका निकाला था। फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर रोजाना 10-15 लोगों को मैसेज भेजते थे। जो लालच में आ जाता, उसे आगरा बुलाकर सुनसान जगह पर ठगी करते थे।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है और पता लगा रही है कि अब तक कितने लोगों को इस तरह ठगा गया है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments