शास्त्रीपुरम इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री में लगी आग, 150 कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकाले
आगरा, 03 अक्टूबर। शास्त्रीपुरम इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शर्मा इंडस्ट्रीज में शनिवार की सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। लकड़ी का काम करने वाली इस फैक्ट्री के डस्ट कलेक्टर एरिया में जमा बुरादे में आग लग गई। देखते ही देखते धुआं उठने लगा और फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि प्रबंधन की तत्परता से 150 से अधिक कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
खबरों के अनुसार सुबह फैक्ट्री में सामान्य काम चल रहा था। तभी डस्ट कलेक्टर एरिया में जमा लकड़ी के बुरादे में अचानक आग लग गई। धुआं उठता देख कर्मचारियों ने शोर मचाकर सभी को सतर्क किया। लकड़ी का काम होने से आग तेजी से फैलने की आशंका थी, इसलिए प्रबंधन ने तुरंत सभी कर्मचारियों को बाहर निकालना शुरू किया।
कर्मचारियों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ने की आशंका पर फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना पर सीएफओ के नेतृत्व में दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बाद में दोबारा आग न भड़के, इसके लिए पूरे एरिया की जांच की गई।
फैक्ट्री मालिक रमेश शर्मा का कहना है कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। आग से मशीनों और सामग्री को कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, पुलिस और दमकल विभाग जांच कर रहा है।
_________________________________
Post a Comment
0 Comments